Citizenship Amendment Bill/Act (CAB/CAA) Protest Today News Updates: कर्नाटक के गृह मंत्री बासवाराज बोम्मई का कहना है कि राज्य के मंगलुरू में CAA के विरोध में हुई हिंसा के पीछे कुछ गद्दारों का हाथ है। बासवाराज ने ये भी कहा कि पड़ोसी राज्य केरल के भी कुछ लोग इसमें शामिल हैं और बीते 4 दिनों से इसकी योजना बनायी जा रही थी।

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को कर्नाटक के मंगलुरु में 2 लोगों तो वहीं लखनऊ लखनऊ एक की मौत हो गई। यूपी के लखनऊ में संशोधित नागरिकता कानून (CAA) और NRC को लेकर पनपी हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने हुसैनाबाद में फायरिंग कर दी थी। उसी दौरान एक शख्स गोली का शिकार हुआ था। आनन-फानन उसे अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं मंगलुरु में हुई हिंसा के दौरान घायल 2 प्रदर्शनकारियों की इलाज के दौरान अस्‍पताल में मौत हो गई। इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि इस नए कानून के खिलाफ लोग ‘सत्यग्राह’ करें।

राष्ट्रीय राजधानी में कानून के खिलाफ प्रदर्शन पर लगी रोक के बावजूद सड़कों पर उतरने के चलते सैकड़ों छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया, जबकि कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। कई मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया, जिससे शहर में यातायात प्रभावित हुआ।

विपक्षी नेताओं डी राजा, सीताराम येचुरी, नीलोत्पल बसु, वृंदा करात, अजय माकन, संदीप दीक्षित के साथ ही योगेंद्र यादव और उमर खालिद को पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें लाल किला और मंडी हाउस के पास से हिरासत में लिया गया, जहां प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, बाद में इन नेताओं को शहर के विभिन्न इलाकों में छोड़ दिया गया।पुलिस ने नांगलोई इलाके से करीब 200 और बवाना से करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया है।

गृह मंत्रालय सीएए के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन के बीच गुरुवार शाम देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी और केन्द्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि बैठक में गृह मंत्रालय द्वारा देश की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

Live Blog

Highlights

    07:26 (IST)20 Dec 2019
    मार्च के विरोध में छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

    मार्च निकालने की कोशिश कर रहे छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर ले जाया गया। हाथों में तख्तियां लिए हुए और नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने बसों में ले जाए जाने का ज्यादा विरोध नहीं किया। यादव ने ट्वीट किया, "मुझे अभी-अभी लाल किला से हिरासत में लिया गया है। करीब एक हजार प्रदर्शनकारियों को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। हजारों प्रदर्शनकारी रास्ते में हैं। हमें बताया गया है कि हमें बवाना ले जाया जा रहा है।" दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वह प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों पर जाएं।

    05:56 (IST)20 Dec 2019
    कर्नाटक के दक्षिण कन्नड जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद

    कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को दक्षिण कन्नड जिले में अगले 48 घंटों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी। यह कदम मंगलुरु शहर में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद उठाया गया। इस बारे में जारी अधिसूचना में कहा गया कि यह फैसला सोशल मीडिया मंचों का दुरुपयोग रोकने और शांति व्यवस्था को भंग होने से बचाने के लिए किया गया है।  उल्लेखनीय है कि सीएए के खिलाफ मंगलुरु में हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पुलिस की गोलियों से दो लोगों की मौत हो गई थी।

    04:00 (IST)20 Dec 2019
    हिंसक प्रदर्शन के बाद लखनऊ में बंद की गईं इंटरनेट सेवाएं

    संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने रात करीब सवा नौ बजे लखनऊ में इंटरनेट सेवाएं बंद दी।

    23:18 (IST)19 Dec 2019
    एनआरसी पर संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में जनमत संग्रह कराए भाजपा: ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि वह संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) पर संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में जनमत संग्रह कराए और यदि वह ‘‘व्यापक मत’’ हासिल करने में विफल रहती है तो उसे सत्ता छोड़नी होगी।

    22:16 (IST)19 Dec 2019
    CAA प्रदर्शन के बीच बेंगलुरू DCP गाने लगे राष्ट्रगान, लोगों ने चुप-चाप खाली कर दी जगह

    एक तरफ जहां पुलिस सीएए का विरोध कर रही भीड़ पर लाठियां बरसा रही है तो दूसरी तरफ कर्नाटक में पुलिस ने राष्ट्रगान गाकर भीड़ को शांत कर दिया। गुरुवार को बेंगलुरु सेंट्रल के डीसीपी चेतन सिंह राठौर ने राष्ट्रगान गाया और मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारी वहां से शांतिपूर्ण तरीके से चले गए। दरअसल प्रदर्शनकारियों ने उस जगह को खाली करने से मना कर दिया था जहां पर वे एकत्रित हुए थे। पुलिस की बात न मानने पर डीसीपी ने राष्ट्रगान गाकर भीड़ को नियंत्रित कर दिया।

    21:53 (IST)19 Dec 2019
    मध्यप्रदेश के 11 जिलों में सीएए के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन

    संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश के 11 जिलों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हुए। वहीं, सीएए एवं एनआरसी पर देश में हो रहे प्रदर्शनों के मद्देनजर कांग्रेस नीत मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश के 52 जिलों में से 43 जिलों में निषेधाज्ञा लागू की है।मध्यप्रदेश पुलिस स्टेट सिच्युएशन रूम के इंस्पेक्टर हर्मन लाकडा ने बताया कि राज्य सरकार ने एहतियाती तौर पर प्रदेश के 43 जिलों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। उन्होंने कहा, ‘‘जिन 11 जिलों में सीएए एवं एनआसी के विरोध में प्रदर्शन हुए, उनमें भोपाल, शाजापुर, खंडवा, खरगोन, सिवनी, ग्वालियर, बैतूल, रतलाम, बड़वानी, सागर एवं उज्जैन शामिल हैं। इन जिलों में प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे।’’

    21:30 (IST)19 Dec 2019
    जनमत संग्रह पर राज्यपाल धनखड़ की अपील- अपने बयान को वापस लें सीएम ममता


    पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके उस बयान को वापस लेने का आग्रह किया जिसमें केंद्र की भाजपा नीत सरकार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) तथा प्रस्तावित एनआरसी पर संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में जनमत संग्रह कराने की चुनौती दी गयी है। धनखड़ ने ट्वीट किया कि देश के नागरिक के तौर पर वह बनर्जी के बयान से दुखी और आहत हैं और उम्मीद जताते हैं कि मुख्यमंत्री उनके आग्रह पर जरूर ध्यान देंगी। उन्होंने कहा कि ‘‘ किसी को हमारे राष्ट्रवाद पर समझौता नहीं करना चाहिए’’।
    उन्होंने कहा, ‘‘मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अपील करता हूं कि कृपया अपने बयान को वापस लें।’’

    21:00 (IST)19 Dec 2019
    भड़काऊ सामग्री बांटने के आरोप में 2 लोग गिरफ्तार

    दिल्ली में नागरिकता संशोधित कानून (सीएए) और एनआरसी पर भड़काऊ सामग्री बांटने के आरोप में 2 लोगों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस हिरासत में दोनों से पूछताछ की जा रही है। दिल्ली में आज जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कई मेट्रो स्टेशनों को देर शाम तक बंद रखा गया।

    20:28 (IST)19 Dec 2019
    लखनऊ में बवाल: यूपी पुलिस बोली- अब स्थिति सामान्य

    उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखनऊ में गुरुवार दोपहर को हुए उपद्रव के बाद स्थिति को काबू में बताया है। यूपी डीजीपी ओपी सिंह ने कहा है कि शहर में स्थिति सामान्य है। आज प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथरवा किया और मीडिया के वाहनों को जला दिया। हालात को काबू में करने के लिए हमने लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे।

    20:12 (IST)19 Dec 2019
    सीएए-एनआरसी का असर गोवा के कला महोत्सव पर

    नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देश भर में हो रहे प्रदर्शन का असर सेरेन्डिपिटी कला महोत्सव पर भी पड़ा है। महोत्सव के दौरान नागरिकता कानून और एनआरसी से संबंधित कलाकृतियों वाली प्रदर्शनी को बुधवार को ‘अस्थायी रूप’ से बंद कर दिया गया। महोत्सव के दृश्य कला खंड के तहत कलाकार सुदर्शन शेट्टी की तीन कलाकृतियों को या तो हटा लिया गया या उसे बंद कर दिया गया। सेरेन्डिपिटी कला महोत्सव ने इसके लिए ‘‘तकनीकी गड़बड़ी’ को कारण बताया है। कब ये कलाकृतियां फिर नजर आएंगी, इस बारे में सेरेन्डिपिटी आर्ट फाउंडेशन ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

    19:17 (IST)19 Dec 2019
    सीएए के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन

    सपा नेताओं ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ बृहस्पतिवार को गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर और कुशीनगर जिलों में प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रहमा शंकर त्रिपाठी को कुशीनगर में पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय को सिद्धार्थनगर जिले में उनके घर पर ही रोक दिया। गोरखपुर में पूर्व मंत्री रामपाल निषाद को हिरासत में लिया गया है। गोरखपुर में लक्ष्मीबाई पार्क में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस संबंध में 300 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

    18:23 (IST)19 Dec 2019
    दिल्ली में सीएए विरोधी प्रदर्शनों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं: पुलिस

    दिल्ली पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ मनदीप सिंह रंधावा ने पत्रकारों से कहा कि कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिए पुलिसर्किमयों के अलावा आरएएफ समेत अन्य बलों की 52 कंपनियां तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि अफवाह फैलाने वालों पर लगाम लगाने के लिए बल सोशल मीडिया, व्हाट्सएप समूहों पर करीबी नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

    18:04 (IST)19 Dec 2019
    CAA और NRC पर यूएन की निगरानी में हो जनमत संग्रह: ममता

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सीएए और एनआरसी का लगातार विरोध कर रही है। गुरुवार को उन्होंने इसके विरोध में कोलकाता में एक रैली की। इस दौरान उन्होंने कहा अगर भाजपा में हिम्मत है तो उसे संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी पर संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में जनमत संग्रह कराना चाहिए।

    17:45 (IST)19 Dec 2019
    दिल्ली में सैकड़ों लोग हिरासत में

    राष्ट्रीय राजधानी में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन पर लगी रोक के बावजूद गुरुवार को सड़कों पर उतरने के चलते सैकड़ों छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया, जबकि कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। कई मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया, जिससे शहर में यातायात प्रभावित हुआ।

    विपक्षी नेताओं डी राजा, सीताराम येचुरी, नीलोत्पल बसु, वृंदा करात, अजय माकन, संदीप दीक्षित के साथ ही योगेंद्र यादव और उमर खालिद को पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें लाल किला और मंडी हाउस के पास से हिरासत में लिया गया, जहां प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, बाद में इन नेताओं को शहर के विभिन्न इलाकों में छोड़ दिया गया।

    17:10 (IST)19 Dec 2019
    नांगलोई में पुलिस ने 200 लोगों को हिरासत में लिया

    दिल्ली हंगामे के बीच पुलिस ने नांगलोई इलाके से करीब 200 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं बवाना क्षेत्र से 50 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

    17:08 (IST)19 Dec 2019
    दिल्ली पुलिस की अपील

    दिल्ली पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) मनदीप सिंह रंधावा ने कहा है कि प्रदर्शनकारी अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा, 'हम लोगों से अपील करते हैं कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। क्षेत्र में 144 पहले ही लगा दिया गया है।' राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज दो विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। एक विरोध प्रदर्शन छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित किया गया है जबकि दूसरा प्रदर्शन वामपंथी पार्टियों ने आहूत किया है। दोनों ही मार्च आईटीओ के निकट शाहीन पार्क में मिलेंगे।'

    17:01 (IST)19 Dec 2019
    गृह मंत्रालय प्रदर्शन के बीच सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेगा

    गृह मंत्रालय सीएए के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन के बीच बृहस्पतिवार की शाम देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेगा। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी और केन्द्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला के बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि बैठक में गृह मंत्रालय द्वारा देश की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

    16:36 (IST)19 Dec 2019
    देश में लोग ‘‘डरे’’ हुए हैं: केजरीवाल

    नागरिकता कानून पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में लोग ‘‘डरे’’ हुए हैं क्योंकि करीब 70 प्रतिशत के पास अपनी नागरिकता साबित करने के लिए कोई दस्तावेज नहीं हैं। उन्होंने कहा 'यह विरोधाभास है कि जिस दिन मुफ्त वाईफाई योजना शुरू की जा रही है, पुलिस ने इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी। मुझे उम्मीद है कि हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे और इंटरनेट सेवाएं बहाल हो जाएंगी। संशोधित नागरिकता कानून की कोई जरूरत नहीं है और सरकार को चाहिए कि वह युवाओं को रोजगार मुहैया कराने पर ध्यान दे।'

    16:12 (IST)19 Dec 2019
    इंडिगो की 19 उड़ानें रद्द

    संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर यातायात जाम में चालक दल के सदस्यों के फंसे होने के कारण इंडिगो ने 19 उड़ानें रद्द कर दी हैं जबकि 16 अन्य उड़ानें विलंबित हुईं। दिल्ली हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

    16:04 (IST)19 Dec 2019
    देशव्यापी हंगामे के बीच जेपी नड्डा पहुंचे रिफ्यूजियों के बीच

    देशव्यापी हंगामे के बीच बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा रिफ्यूजियों के बीच पहुंचे। बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अफगानी शरणार्थियों से मुलाकात की।उन्होंने दिल्ली के तिलक नगर इलाके में रिफ्यूजियों से मुलाकात की। अफगानिस्तान के रिफ्यूजियों से भेंट के बाद जेपी नड्डा ने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून लागू किया जाएगा और भविष्य में एनआरसी भी होगी। इस पूरे मामले पर नई नई रणनीति बनाने के लिए शुक्रवार (20 दिसंबर) को बुला गई पार्टी महासचिवों की मीटिंग स्थगित हो गई है। माना जा रहा है कि मीटिंग में नए कानून को लेकर पार्टी की आगे की रणनीतियों पर चर्चा हो सकती है।

    15:50 (IST)19 Dec 2019
    प्रदर्शनकारियों ने संभल में दो बसों को नुकसान पहुंचाया

    नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार की दो बसों को नुकसान पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि आज दोपहर चौधरी सराय इलाके में एक बस में आग लगा दी गयी जबकि दूसरी बस में तोड़फोड़ की गयी। अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गयीं और आग पर काबू करने का प्रयास किया।

    15:11 (IST)19 Dec 2019
    पुलिस ने ज़बरदस्ती जामिया मिलिया इस्लामिया परिसर में प्रवेश किया

    जामिया हिंसा मामला में याचिकाकर्ता ने दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया कि पुलिस ने ज़बरदस्ती जामिया मिलिया इस्लामिया परिसर में प्रवेश किया और छात्रों के साथ मारपीट की। याचिकाकर्ता ने सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की अध्यक्षता वाली समिति के तहत जांच की मांग की।

    14:59 (IST)19 Dec 2019
    विधायक रिजवान अरशद पुलिस हिरासत में

    नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शनकारी फिर से बेंगलुरु के टाउन हॉल में इकट्ठा होने लगे हैं। कांग्रेस विधायक रिजवान अरशद को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं असम में कांग्रेस नेता हरीश रावत और रिपुन बोरा ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ विरोध में भाग लिया। 

    14:37 (IST)19 Dec 2019
    CAA के खिलाफ प्रदर्शन, लखनऊ में लाठीचार्ज

    संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ उत्तर प्रदेश में गुरुवार को जमकर विरोध प्रदर्शन हुए। एक तरफ लखनऊ में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया तो दूसरी तरफ संभल में रोडवेज की बस जला दी गई। लखनऊ में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया।

    13:12 (IST)19 Dec 2019
    दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन बंद, हिरासत में कई नेता

    नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बढ़ते विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने कुल 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया है। आईटीओ, मंडी हाउस, लाल किला इलाके के सभी मेट्रो स्टेशन बंद हैं। इस बीच प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, योगेंद्र यादव, तहसीन पूनावाला, सीताराम येचुरी, डी. राजा, और उमर खालिद को बी हिरासत में लिया है।

    12:55 (IST)19 Dec 2019
    दिल्ली: लाल किले के पास RAF तैनात

    दिल्ली के लाल किले के आसपास रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया है। वहां बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे हैं। पुलिस ने लाल किलेा इलारके के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी जिले में भी धारा 144 लगी दी है। दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।

    12:52 (IST)19 Dec 2019
    दिल्ली के कई इलाकों में इंटरेनट-कॉलिंग-SMS सुविधा बंद

    नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को देखते हुए न केवल कई इलाकों में धारा 144 लागू कर दिया गया है बल्कि सरकार के निर्देश पर कई इलाकों में इंटरेनट-कॉलिंग-SMS सुविधा भी बंद कर दी गई है। टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने इसकी पुष्टि की है।

    12:26 (IST)19 Dec 2019
    कर्नाटक के दक्षिणी कन्नड़ जिले में धारा 144 लागू

    संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में 21 दिसंबर की मध्यरात्रि तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। दक्षिण कन्नड़ जिले के उपायुक्त सिंधू बी रूपेश ने कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पूरे जिले में ही निषेधाज्ञा लागू कर दी। मंगलुरु शहर के पुलिस उपायुक्त पी एस हर्ष ने बुधवार को कमिश्नरी क्षेत्र में ही 18 दिसंबर से 20 दिसंबर तक निषेधाज्ञा लागू की थी।  पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ संगठनों ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन का आ’’ान किया है।

    12:20 (IST)19 Dec 2019
    लाल किला के पास धारा 144 लागू

    दिल्ली में लाल किला क्षेत्र के आसपास लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए बृहस्पतिवार को सैकड़ों लोगों ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में मार्च शुरू किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज दो विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। एक विरोध प्रदर्शन छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित किया गया है जबकि दूसरा प्रदर्शन वामपंथी पार्टियों ने आहूत किया है। दोनों ही मार्च आईटीओ के निकट शाहीन पार्क में मिलेंगे। स्वराज्य अभियान के प्रमुख योगेंद्र यादव ने कहा, ‘‘ मैं जानता हूं कि हमारे कई साथियों को हिरासत में लिया जा रहा है, इसके बावजूद कई लोग यहां एकत्र हुए ।’’ उन्होंने कहा कि इस देश में नागरिकता का बंटवारा नहीं किया जा सकता और ‘‘इसीलिए हमने आज विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।’’

    12:19 (IST)19 Dec 2019
    रामचंद्र गुहा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया

    बेंगलुरु में प्रदर्शन कर रहे दर्जनों लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मशहूर इतिहासकर व लेखक रामचंद्र गुहा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। गुहा के अलावा करीब 30 प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया है।

    12:18 (IST)19 Dec 2019
    योगेन्द्र यादव हिरासत में लिए गए

    स्वराज्य अभियान प्रमुख योगेंद्र यादव को संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ मार्च करने के दौरान लाल किले के निकट दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस दर्जनों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वहां से ले गई।

    11:34 (IST)19 Dec 2019
    इन मेट्रो स्टेशनों में नहीं रुकेगी मेट्रो

    संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शनों के मद्देनजरदिल्ली के 15 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। इससे पहले डीएमआरसी ने सात मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रहने की जानकारी दी थी। ये मेट्रो स्टेशन लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक, जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय, जसोला विहार, शाहीन बाग और मुनीरका हैं। इसके बाद डीएमआरसी के नए ट्वीट में कहा है, ‘‘ पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, उद्योग भवन, आईटीओ, प्रगति मैदान और खान मार्केट मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे।’’ केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के दरवाजे भी बंद हैं लेकिन यात्रियों के लिए ट्रेन बदलने की सुविधा उपलब्ध है।

    11:25 (IST)19 Dec 2019
    15 मेट्रो स्टेशन बंद

    दिल्ली के करीब 15 मेट्रो स्टेशन के निकास और प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं। इन स्टेशनों पर ट्रेन नहीं रुकेगी। इन स्टेशनों में मुख्य स्टेशन जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जसोला विहार, शाहीन बाग, मुनिर्का, लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक और विश्वविद्यालय हैं।

    10:55 (IST)19 Dec 2019
    देश के कई हिस्सों में निकाला जाएगा मार्च

    दिल्ली पुलिस ने लाल किले के आसपास के इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। इसके तहत प्रभावित इलाके में 4 से ज्यादा लोग एक जगह इकट्ठा नहीं हो सकते। दिल्ली के अलावा ये मार्च देश के कई हिस्सों में निकाला जा रहा है।