Citizenship Amendment Bill/Act (CAB/CAA) Protest: संशोधित नागरिकता कानून (CAA) और प्रस्तावित एनआरसी के खिलाफ शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में हिंसक प्रदर्शनों के दौरान पुलिस के साथ झड़प में कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी वहीं राष्ट्रीय राजधानी में भी हजारों लोगों ने रैलियां निकालीं और शाम होते होते हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गये जिसके बाद पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।
कई राज्यों में सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं जिसके बाद सरकार ने इस तरह का संकेत दिया है कि वह इस संबंध में सुझावों पर विचार करने को तैयार है। दिल्ली के दरियागंज इलाके में प्रदर्शनकारियों ने एक कार को आग के हवाले कर दिया तथा सुरक्षा बलों पर पथराव किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए भीड़ पर पानी की बौछार की और लाठी चार्ज किया।
कानपुर: CAA का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भिडंत, 8 को लगी गोली, सभी की हालत गंभीर
दिल्ली, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और कर्नाटक-केरल के सीमावर्ती इलाकों से छिटपुट हिंसा की खबरें हैं। उत्तर प्रदेश के कई शहरों, कर्नाटक के कुछ शहरों एवं राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट तथा एसएमएस सेवाओं पर रोक लगा दी गयी है। हालांकि दिल्ली में कुछ लोगों ने पुलिस को गुलाब का फूल भेंट कर शांति का संदेश देने का प्रयास किया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किये गये हैं।
CAA और NRC को लेकर देश में विरोध और प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जगह-जगह लोगों का आक्रोश इस मसले पर फूट रहा है। यूपी में इसी को ध्यान में रखते हुए कल सभी शिक्षण संस्थान बंद करने का फैसला लिया गया है। यह जानकारी रात को टीवी मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दी गई।
विपक्षी दल नगा पीपल्स फ्रंट (एनपीएफ) ने अपने दो सांसदों के जी केन्ये और डॉ लोरहो फोजे को पार्टी के निर्णय के विरुद्ध संसद में नागरिकता (संशोधन) विधेयक (सीएए) के पक्ष में वोट करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि एनपीएफ केंद्रीय कार्यालय ने अपनी अनुशासनात्मक कारवाई समिति के जरिये गुरुवार को दोनों सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस में सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है।
सीएए और एनआरसी पर विरोध प्रदर्शन के चलते मध्य प्रदेश के 50 जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है। जबलपुर में चार पुलिस थानों के आस-पास कर्फ्यू लगा दिया गया है। जिन चार थाना इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है, वहां पर मुस्लिम समुदाय की अच्छी खासी आबादी है।
CAA के विरोध में आज देश भर में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। कानून को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा और हजारों की संख्या में अलग-अलग जगहों पर लोग इस कानून के खिलाफ सड़कों पर उतरे जिस दौरान एक कार को भी आग लगा दी गई। इसे देखते हुए दिल्ली से सटे गाजियाबाद में कल सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
सीएए के खिलाफ इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे लोगों से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर पहुंची। देशभर में सीएए-एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून-एनआरसी गरीबों के खिलाफ है।
सरकार के एक आला अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि जिस किसी का जन्म भारत में एक जुलाई, 1987 से पहले हुआ हो या जिनके माता-पिता का जन्म उस तारीख से पहले हुआ हो, वे कानून के अनुसार भारत के वास्तविक नागरिक हैं और उन्हें नागरिकता संशोधन अधिनियम या संभावित एनआरसी से चिंता करने की जरूरत नहीं है। नागरिकता कानून में 2004 में किये गये संशोधनों के अनुसार असम को छोड़कर बाकी देश के उन नागरिकों को भी भारतीय नागरिक माना जाएगा जिनके माता या पिता भारतीय हैं और अवैध प्रवासी नहीं हैं।
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने की अपील:-
दिल्ली पुलिस दिल्ली गेट पर एकत्रित हुए प्रदर्शनकारियों की भीड़ को काबू में कर लिया। पुलिस के मुताबिक इसके लिए हल्का बल प्रयोग किया गया और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया। प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज नहीं हुआ और न ही आंसू गैस के गोले दागे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा कि संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में मंगलुरु में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में दो लोगों की मौत के मामले की जांच उच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश से कराई जाए। पुलिस गोलीबारी से इन मौतों को ‘अमानवीय’ बताते हुए सिद्धरमैया ने आरोप लगाया कि मंगलुरु की घटना दिखाती है कि पुलिस ने ही हिंसा भड़काई थी। सिद्धरमैया ने दावा किया कि मंगलूरू में लोग सिर्फ नारे लगा रहे थे और उनके पास कोई हथियार नहीं थे। पुलिस को उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की इजाजत देनी चाहिए थी।
कानपुर में संशोधित नागरिकता कानून का विरोध कर रहे 8 प्रर्दशनकारियों को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इनकी हालत गंभीर बताई जाती है। प्रदर्शनकारी और पुलिस दोनों तरफ से ही गोलीबारी हुई जिसके बाद प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
डीएमआरसी ने जानकारी दी है कि चावड़ी बाजार, लाल किला और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। इन स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेन नहीं रुकेगी। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए एहतिातन यह कदम उठाया गया है। वहीं दिल्ली पुलिस और रिजर्व पुलिस बल के जवान दिल्ली के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च कर रहे हैं।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि नाकरिकता कानून पर प्रदर्शन के दौरान हिंसा ठीक नहीं। उन्होंने कहा है कि विरोध में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन होना चाहिए।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सात सस्यीय टीम ने शुक्रवार को जामिया मिलिया इस्लामिया के परिसर का दौरा कर पुस्तकालय की जांच की और विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस के प्रवेश के बारे में पूछताछ की। विश्वविद्यालय प्रशासन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार टीम ने पुस्तकालय का दौरा किया जहां पुलिस रविवार को संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ परिसर के बाहर हिंसा और आगजनी करने वाले ''बाहरी'' लोगों की तलाश करते हुए कथित रूप से जबरन घुसी थी।
गोरखपुर में पुलिस पर पथराव करते प्रदर्शनकारी। देखें वीडियो:-
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने जाफराबाद और मौजपुर-बदरपुर एंट्री और एग्जिट को पूरी तरह से बंद कर दिया है। इन स्टेशनों पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी।
दिल्ली के भजनपुरा में इकट्ठा लोग...
निषेधाज्ञा आदेशों का उल्लंघन करने के कारण लाल किले और मंडी हाउस के पास से विपक्ष के नेताओं डी राजा, सीताराम येचुरी, नीलोत्पल बसु, वृंदा करात, अजय माकन, संदीप दीक्षित और कार्यकर्ताओं योगेंद्र यादव, उमर खालिद समेत 1200 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
दिल्ली से सटे नोएडा में भी प्रशासन सख्त है। नोएडा डीएम बीएन सिंह ने शुक्रवार को बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा में इंटरनेट सेवाएं बर्खास्त नहीं की जाएंगी, लेकिन उन्होंने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने या फि अफवाह फैलाने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जामा मस्जिद के बाहर पहुंचे भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर। दिल्ली पुलिस हालात पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। चंद्रशेखर को जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक एक विरोध मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई है।
वाराणसी में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हैदराबाद में मुस्लिम नेताओं की बैठक हुई। यूनाइटेड मुस्लिम एक्शन कमेटी की यह बैठक हैदराबाद में एआईएमआईएम पार्टी के मुख्यालय में आयोजित हुई। एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी भी इस बैठक में शामिल हुए।
कर्नाटक के गृह मंत्री बासवाराज बोम्मई ने मेंगलोर हिंसा को लेकर दिए अपने एक बयान में कहा है कि पड़ोसी राज्यों से लोगों ने आकर कल हिंसा की। पड़ोसी राज्य के लोगों की मौजूदगी के चलते ही हिंसा हुई। आज स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। हम अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से बातचीत कर रहे हैं।
कुछ खबरों में कहा जा रहा है कि जिस तरह मंडल आयोग के खिलाफ देश में बहुत बड़ा प्रदर्शन हुआ था उसी तरह CAA कानून के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर सकते हैं। इसमें एक साथ दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 40 से अधिक मोर्चे खुल सकते हैं। विरोध के दौरान तोड़फोड़, आगजनी और दंगा भड़काने के लिए इंडियन मुजाहिदीन और सिमी से जुड़े कट्टरपंथी मॉड्यूल तैयारी के साथ प्रोटेस्ट में शामिल हो चुके हैं। ये इनपुट्स खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस के साथ साझा किए हैं।
गुजरात के बनासकांठा में हुई हिंसा का वीडियो आया सामने
बसपा चीफ मायावती बोलीं- उनकी पार्टी हिंसा के खिलाफ
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने आज जामा मस्जिद से लेकर जंतर मंतर तक विरोध मार्च निकालने के लिए दिल्ली पुलिस से इजाजत मांगी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से इस मार्च को मंजूरी नहीं दी है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के 12 थाना क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से इलाके की निगरानी की जा रही है। इन इलाकों में सुरक्षाबल फ्लैग मार्च कर रहे हैं।
शुक्रवार को CAA के विरोध में भारी विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली समेत लाल किले के आसपास के इलाकों में धारा 144 लागू कर लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी है। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में अहमदाबाद में विरोध प्रदर्शन हुए। इन विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कांग्रेस कॉरपोरेटर शहजाद खान समेत करीब 49 लोगों को हिरासत में लिया है।
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी है। देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार को हुए मार्च के बाद शुक्रवार को और बड़े प्रदर्शन की आशंका है। एनबीटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक खुफिया इनपुट ने राजधानी में दोपहर के बाद हालात बिगड़ने के संकेत दिये हैं।
शुक्रवार को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जारी विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए डीएमआरसी ने एहतियातन जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जसोला विहार और शाहीन बाग मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए हैं। इन स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेन नहीं रुकेगी।
पुलिस को खबर मिली है कि मेवात, नूंह और उसके आसपास के करीब 25 हजार लोग गाड़ियों के जरिए दिल्ली में दाखिल होकर विरोध प्रदर्शन में हिंसा फैला सकते हैं। इसके लिए पुलिस ने बॉर्डर इलाकों में बैरिकेड्स लगाकर पुख्ता इंतजाम किए हैं।
पुलिस को खूफिया रिपोर्ट मिली है कि शुक्रवार को प्रतिबंधित कट्टरपंथी संगठन इंडियन मुजाहिदीन और सिमी से जुड़े कट्टरपंथी मॉड्यूल विरोध प्रदर्शन के दौरान दंगा भड़काने की कोशिश कर सकते हैं।
दिल्ली के कई रास्तों पर गुरूवार रात में ही बैरिकेडिंग कर दी गई हैं। साथ ही कुछ अहम रास्तों पर ट्रैफिक की आवाजाही भी रोक दी गई है। शुक्रवार को दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशन भी बंद किए जा सकते हैं।
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। खासकर व्हाट्सएप, ट्विटर और फेसबुक पर अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए तमाम सोशल मीडिया अकाउंट्स की निगरानी की जाएगी। पुलिस के तमाम जवानों और अफसरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही गृह मंत्रालय से अतिरिक्त फोर्स की भी मांग की गई है।
दिल्ली में शुक्रवार को हंगामे का खूफिया इनपुट मिलने के बाद प्रशासन ने इसे रोकने के लिए कमर कस ली है। इसके तहत आज दिल्ली में कुछ इलाकों को छोड़कर अन्य जगहों पर इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीं दिल्ली पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यूपी और हरियाणा के तमाम जिलों के कप्तान और कमिश्नर से बात कर दिल्ली में शांति बनाए रखने में मदद मांगी है।
नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाला कालिंदी कुंज रूट शुक्रवार को बंद रहेगा। इस रूट से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक रूट से गुजरने की सलाह दी गई है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने गुरूवार शाम में ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।