Jharkhand assembly election, P Chidambaram: आईएनएक्स मीडिया घोटाले में दो दिन पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जमानत पर रिहा हुए पूर्व वित्तमंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम झारखंड की राजधानी रांची में मीडिया से बात करने के दौरान उन्होंने दावा किया है कि इस बार के लोकसभा चुनाव भाजपा ने बालाकोट, पुलवामा जैसे राष्ट्रवाद के मुद्दों पर लोगों का ध्यान भटका कर जीत लिया। उन्होंने कहा कि इस समय भारत के राजनीतिक इतिहास में बदलाव का क्षण है और झारखंड की जनता इसे समझकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। झारखंड की डबल इंजन सरकार ने अपने कुशासन से कर्जा दोगुना कर 85 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया।
झारखंड में बढ़ी है गरीबी: चिदंबरम ने झारखंड की जनता से भाजपा को हर हाल में सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने की अपील की। चिदंबरम ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि झारखंड का कर्जा 2014-15 के 43000 करोड़ रुपये से दोगुना होकर 2018-19 में 85000 करोड़ रुपये हो गया। हर झारखंडी पर वर्ष 2014 की तुलना में आज दोगुना कर्ज है। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में झारखंड आज देश में सबसे फिसड्डी राज्यों में शामिल हो गया है क्योंकि यह राज्य देश में 28 वें स्थान से खिसक कर 30 वें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में वास्तव में गरीबी बढ़ी है। हमारा दावा है कि पूरे देश में गरीबी कम हुई है लेकिन झारखंड में गरीबी बढ़ी है।
Hindi News Today, 07 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
106 दिन बाद जेल से रिहा हुए: वहीं जब मीडिया ने तेलंगाना एनकाउंटर पर सवाल किया तो चिदंबरम ने कहा कि वे इस घटना के बारे में ज्यादा कुछ नहीं जानते। लेकिन विस्तृत जांच होनी चाहिए। तेलंगाना में शुक्रवार (07 दिसंबर) सुबह पुलिस ने हत्या के 4 आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया था। चिदंबरम बुधवार (05 दिसंबर ) को ही 106 दिन बाद आईएनएक्स मीडिया मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुए थे।
झारखंड में चूहे डैम खा जा रहे: गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी रांची पहुंचे थे। इस दौरान प्रेसवार्ता कर मनीष तिवारी ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की रघुवर सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने रघुवर सरकार पर तंज कसते हुए कहा था कि झारखंड में चूहे डैम खा जा रहे हैं। यहां भ्रष्टाचार चरम पर है।