छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने मंगलवार (23 अक्टूबर) को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आज नामांकन का पर्चा भर दिया। रमन सिंह अपनी परंपरागत सीट राजनांदगांव से चुनाव लड़ने वाले हैं। नामांकन का पर्चा दाखिल करने के लिए रमन सिंह के साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी गए थे। 66 साल के रमन सिंह ने खुद से 20 साल छोटे योगी आदित्यनाथ के पैर भी छुए। इस पर योगी आदित्यनाथ ने रमन सिंह को अखंड विजय का आशीर्वाद भी दिया।

अगर राजनीतिक अनुभव की नज़र से भी देखें तो छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह योगी आदित्यनाथ से काफी बड़े हैं। रमन सिंह साल 1970 में ​अपने विद्यार्थी जीवन के दौरान ही बीजेपी की पूववर्ती जनसंघ में शामिल हो गए थे। वह साल 1976-77 में ही युवा शाखा के अध्यक्ष बन गए थे। जबकि योगी आदित्यनाथ साल 1972 में पैदा हुए थे।

सिक्किम के पवन कुमार चामलिंग, मिजोरम के पू ललथनहवला और ओडिशा के नवीन पटनायक के बाद रमन सिंह भारत के चौथे सबसे लंबे वक्त तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री हैं। रमन सिंह वर्तमान में भी मुख्यमंत्री हैं। जबकि 46 साल के योगी आदित्यनाथ सिर्फ बीते डेढ़ साल से ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। लेकिन गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर के महंत होने के कारण भगवाधारी मुख्यमंत्री के पैर उनसे बड़ी उम्र के लोग भी छूते रहे हैं।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई भाजपा नेता ​कथित तौर पर उनके पैर छूते हुए भी देखे गए थे। इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की योगी आदित्यनाथ के पैर छूने के लिए झुकती हुई तस्वीर भी सामने आई थी।

मुख्यमंत्री रमन सिंह के विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव में आयोजित होने रैली को दो मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। रमन सिंह इसी सीट से साल 2008 और 2013 में भी चुनाव जीत चुके हैं। इस बार रमन सिंह की टक्कर कांग्रेस की उम्मीदवार करुणा शुक्ला से होगी। बता दें कि करुणा शुक्ला भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल​ बिहारी वाजपेयी की भतीजी हैं। अटल जी का निधन अगस्त 2018 में हो गया था।

छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव समेत 17 अन्य विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण में यानी 12 नवंबर को मतदान होने वाला है। शेष 72 सीटों में 20 नवंबर को मतदान होगा। मतदान के नतीजे 11​ दिसंबर को अन्य राज्यों के चुनाव परिणाम के साथ ही सामने आएंगे। छत्तीसगढ़ के साथ ही अन्य राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में भी चुनाव होने हैं।