चंद्रयान 3 की चांद पर लैंडिंग हो चुकी है। लैंडिंग का समय 6 बजकर 4 मिनट पर था। भारत के कई हिस्सों में चंद्रयान की सफला के लिए लोग प्रार्थना कर रहे थे। वहीं पाकिस्तान के लोग भी भारत के लिए दुआ मांग रहे थे। पाकिस्तान के इस्लामाबाद में स्थानीय लोगों ने चंद्रयान-3 मिशन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि भारत का अंतरिक्ष यान सिर्फ चंद्रमा पर ही नहीं, मंगल ग्रह पर भी उतर सकता है। एक नागरिक ने कहा कि भारत और पाकिस्तान की कोई तुलना नहीं है। भारत हर क्षेत्र में हमसे बहुत आगे है।
पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी ने दी बधाई
इसके साथ ही चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग पर पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी ने भारत को बधाई दी थी। उन्होंने कहा कि सभी की निगाहें #Chandryaan3 के चांद पर उतरने का इंतजार कर रही हैं। भारतीय विज्ञान समुदाय और अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के लिए आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। इस खास दिन के लिए भारत के लोगों को बधाई।
पाक मीडिया को चंद्रयान 3 की चंद्रमा पर लैंडिंग को लाइव दिखाना चाहिए
इससे पहले उन्होंने कहा था कि पाक मीडिया को बुधवार शाम 6 बजकर 3 मिनट बजे चंद्रयान 3 की चंद्रमा पर लैंडिंग को लाइव दिखाना चाहिए…हम सभी के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है। भारतीयों के लिए यह दिन बेहद खास है। इस खास दिन के लिए भारत के लोगों, वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष समुदाय को बहुत-बहुत बधाई…
दरअसल, आज 23 अगस्त की शाम को 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 की चांद के साउथ पोल पर लैंडिंग होने वाली है। अगर यह लैंडिंग सफलतापूर्वक हो जाती है तो यह दुनिया के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा क्योंकि इससे पहले किसी भी देश का रोवर यहां नहीं उतरा है।
बता दें कि चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए पूरा देश एक सुर में दुआएं मांग रहा था। कहीं आरती की जा रही थी, कहीं हवन हो रहा था तो कहीं नमाजों में दुआएं मांगी जा रही थीं। वाराणसी में चंद्रयान 3 की सफलता के लिए हवन हो रहा था। हवन में हर वर्ग के लोग हिस्सा ले रहे थे। वहीं लखनऊ में इसकी सफलता के लिए लोगों ने नमाज अदा कर दुआ की थी। हर भारतीय के लिए यह गर्व का पल है।