अहमदाबाद से मुंबई के बीच सफर के लिए निर्माणाधीन देश की पहली बुलेट ट्रेन के साथ रेलवे ने छह और बुलेट ट्रेन परियोजना पर काम तेज कर दिया है। इन परियोजना की मदद से यात्री आने वाले सालों में चंड़ीगढ़-हावड़ा से नागपुर तक बुलेट ट्रेन से सफर कर सकेंगे। दरअसल, रेलवे ने देश के पूर्व, उत्तर और दक्षिण भाग में बुलेट ट्रेन परियोजना को शुरू करने के लिए छह अन्य परियोजना को अंतिम रूप दिया है।
इस योजना के तहत पूर्व भारत में हावड़ा से बनारस तक, उत्तर भारत में बनारस से दिल्ली तक और दिल्ली से चंडीगढ़ तक, पश्चिमी भारत में दिल्ली से अहमदाबाद तक, मध्य भारत में मुंबई से नागपुर तक और दक्षिण भारत में चेन्नई से मैसूर तक बुलेट ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है।
रेलवे ने तैयार की डीपीआर
रेलवे मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि इन सभी छह परियोजना के लिए रेलवे ने डीपीआर तैयार कर ली है। साथ ही गलियारा तैयार करने के लिए लिडर सर्वे भी कर लिया गया है। लिडर एक रिमोट सेंसिंग तकनीक है। इसकी मदद से दूरियों को मापने के लिए लेजर पल्स का इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही आसपास के वातावरण के हाई-रिजाल्यूशन वाले थ्री डी मैप और मॉडल बनाया जाता है। सूत्रों का कहना है कि इन सभी छह बुलेट ट्रेन परियोजनाओं के प्रस्ताव को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पास करने के लिए भेजा जाएगा।
सूत्रों ने यह भी कहा कि इन सभी छह परियोजनाओं का निर्माण नेशनल हाईवे के आसपास या साथ-साथ किया जाएगा। ऐसा बताया जा रहा है कि बनारस से हावड़ा के बीच दूरी करीब 660 किलोमीटर, दिल्ली से बनारस के बीच की दूरी करीब 850 किलोमीटर, दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच की दूरी करीब 230 किलोमीटर, दिल्ली से अहमदाबाद के बीच करीब 965 किलोमीटर, मुंबई से नागपुर के बीच करीब 770 किलोमीटर और चेन्नई से मैसूर की दूरी करीब 470 किलोमीटर रह सकती है।
ये भी पढ़ें: सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट में पूरा होगा मुंबई से अहमदाबाद का सफर
साल 2027 में चलेगी पहली बुलेट ट्रेन
एनएचएसआरसीएल द्वारा तैयार की जा रही देश की पहली बुलेट ट्रेन को अगस्त 2027 तक चलाने की योजना है। हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई में परियोजना का निरीक्षण कर दावा किया था कि साल 2027 के अगस्त में परियोजना के पहले हिस्से को यात्रा के लिए शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले उन्होंने संसद में एक सवाल का जवाब देते हुए छह अन्य परियोजना के बारे में जानकारी दी थी।
लोकसभा चुनाव से पहले शुरू हो सकता है निर्माण
सूत्रों का कहना है कि छह अन्य बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण कार्य साल 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि साल 2029 तक देश की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलने लगेगी। इस परियोजना के दौरान आए अनुभव को अन्य छह परियोजना में इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि अन्य गलियारे के निर्माण में देरी न हो।
कौन-कौन से हैं छह प्रोजेक्ट्स
अब छह परियोजना की बात करें तो इसमें दिल्ली-बनारस बुलेट ट्रेन गलियारा, दिल्ली-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन गलियारा, दिल्ली-चंडीगढ़ बुलेट ट्रेन गलियारा, हावड़ा-बनारस बुलेट ट्रेन गलियारा, नागपुर-मुंबई बुलेट ट्रेन गलियारा और चैन्नई-मैसूर बुलेट ट्रेन गलियारा का नाम शामिल है।