Jharkhand News: ईडी की दिनभर चली पूछताछ के बाद हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। अब राज्य में नया मुख्यमंत्री कौन होगा? इस सवाल का जवाब भी पूरी तरह से काफी हद तक साफ हो गया, जैसा कि पहले कयास लगाए जा रहे थे कि हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन झारखंड की नई मुख्यमंत्री हो सकती हैं, लेकिन अब उन कयासबाजी पर लगाम लग गई है।
विधायक दल की बैठक के बाद चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। अब राज्य के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन होंगे। चंपई सोरेन कब शपथ लेगें, अभी इसको लेकर वक्त और तारीख निश्चित नहीं है। हालांकि, विधायक और मंत्री चाहते हैं कि राज्यपाल चंपई सोरेन को जल्द से जल्द मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएं, जिससे राज्य को नया सीएम मिल सके।
चंपई सोरेन ने पिछले दिनों एक खास तस्वीर शेयर की थी। हेमंत सोरेन इस तस्वीर में चंपई का कुछ अलग अंदाज के साथ अभिवादन करते दिख रहे हैं। चंपई झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री हैं।
कौन हैं चंपई सोरेन?
चंपई सोरेन के पिता का नाम सिमल सोरेन है। इनके पिता सरायकेला-खरसावां जिले स्थित जिलिंगगोड़ा गांव के निवासी हैं। चंपई के पिता खेती किसानी का काम करते थे। जिसमें चंपई भी हाथ बंटाते थे। 10वीं क्लास तक सरकारी स्कूल से चंपई ने पढ़ाई की। इस बीच उनकी शादी कम उम्र में हो गई। चंपई के चार बेटे और तीन बेटियां हैं।
इसी वक्त बिहार से अलग झारखंड राज्य की मांग उठने लगी। शिबू सोरेन के साथ ही चंपई भी झारखंड के आंदोलन में उतर गए। जल्द ही ‘झारखंड टाइगर’ के नाम से मशहूर भी हो गए। इसके बाद चंपई सोरेन ने अपनी सरायकेला सीट से उपचुनाव में निर्दलीय विधायक बनकर अपने राजनीतिक करियर का आगाज कर दिया। इसके बाद वह झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो गए थे।
अर्जुन मुंडा की सरकार में रह चुके मंत्री
चंपई सोरेन बाजपा नेता अर्जुन मुंडा की दो साल, 129 दिन की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। चंपई 11 सितंबर 2010 से 18 जनवरी 2013 तक मंत्री रहे। इसके बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लग गया था और फिर हेमंत सोरेन की अगुवाई में बनी झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार में चंपई सोरेन को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, परिवहन मंत्री बनाया गया था।
सोरेन सरकार में दूसरी बार मंत्री बने चंपई
चंपई दूसरी बार 2019 में फिर से हेमंत सोरेन सरकार में परिवहन, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री बनाया गया। चंपई झामुमो के उपाध्यक्ष भी हैं।
बता दें, कथित जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी की टीम ने हेमंत सोरेन से बुधवार को कई घंटे पूछताछ की। जिसके बाद सोरेन ने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कहा जा रहा है कि ईडी उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।