जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के उरी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी में सेना के एक जवान सहित दो लोगों की जान चली गई। रक्षा सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर क्षेत्र से पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे। इसी बीच उरी सेक्टर में एक जूनियर कमिशन अधिकारी (सूबेदार) शहीद हो गया। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के सैनिकों की ओर से दागे गए गोले असैन्य क्षेत्रों में भी गिरे जिसमें दो नागरिक घायल हो गए। इनमें से चुरुनंदा गांव निवासी महिला नसीमा(23) की बाद में मौत हो गई।

खबर के मुताबिक पाकिस्तानी सैनिकों ने तोपों और मोर्टार से भारी गोलाबारी की जिसका भारतीय सेना ने बुधवार को माकूल जवाब दिया। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक भारतीय सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के दो जवानों को भी गोली लगी। एजेंसी ने बताया कि इन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों ने गुरुवार (26 दिसंबर, 2019) को दम तोड़ दिया।

इसी बीच पाकिस्तानी सेना ने बारामुला जिले के कई सेक्टरों में कई नागरिक और रक्षा ठिकानों को हल्के हथियारों से भी निशाना बनाया। रिपोर्ट मिलने तक नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सैनिक भी जवाबी कार्रवाई में भारी गोलाबारी कर रहे हैं। तोपों से हुई गोलाबारी के कारण नियंत्रण रेखा के इस पार भीतरी इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

उल्लेखनीय है कि संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं ऐसे समय में हो रही हैं जब हाल ही में पाकिस्तान के सेना प्रमुख ने नियंत्रण रेखा से लगे हाजीपीर का दौरा किया था। सूत्रों ने बताया कि संघर्ष विराम उल्लंघन करके पाकिस्तान छद्म युद्ध के जरिए भारत में घुसपैठ कराना चाहता है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना इस संघर्षविराम उल्लंघन का माकूल जवाब दे रही है। (भाषा इनपुट सहित)