राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आठ फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं और सभी राजनीतिक पार्टियां मतदाताओं को लुभाने के लिए ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार में जुटी हैं। प्रदेश की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख और मुख्यमंत्री अरविंदर केजरीवाल एक फिर सरकार बनाने के लिए लगातार रैलियां और सभाओं को संबोधित कर रहे हैं। हालांकि मतदान से ठीक पहले एबीपी न्यूज-सी वोटर का सर्वे आया है, जिसमें आप एक बार फिर दिल्ली की सत्ता पर काबिज हो सकती है।

सर्वे के मुताबिक चुनाव में आप 42-56 सीटें जीत सकती है जबकि भाजपा को 10-24 सीटें मिल सकती हैं। सर्वे में बताया गया कि चुनाव में कांग्रेस इस बार भी कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाएंगी और पार्टी 0-4 सीटों के बीच सिमट सकती है। वोट प्रतिशत की बात करें तो दिल्ली चुनाव में आप को 45.6 फीसदी वोट मिल सकते हैं जबकि भाजपा को 37.1 फीसदी वोट मिलने की संभावना है। कांग्रेस को 4.4 फीसदी और अन्य को 12.9 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है।

उल्लेखनीय है कि एबीपी-सी वोटर ने सीएए और प्रस्तावित एनआरसी के विरोध का केंद्र बने शाहीन बाग मुद्दे पर भी एक सर्वे कराया। जिसमें लोगों की राय ली गई कि शाहीन बाग धरना प्रदर्शन से किस पार्टी को लाभ होता नजर आ रहा है या शाहीन बाग राजनीतिक मोहरा बना है। सर्वे में 83 फीसदी लोगों ने माना कि शाहीन बाग राजनीतिक मोहरा बना है। 8 फीसदी लोगों ने इस मुद्दे पर कोई राय नहीं रखी। जबकि 39 फीसदी लोगों ने माना कि शाहीन बाग मुद्दे के चलते चुनाव में भाजपा को फायदा होगा। हालांकि 25 फीसदी लोगों का यह भी मानना है कि शाहीन बाग से आप को भी फायदा हो सकता है।

सर्वे में चार फीसदी लोगों ने कहा कि इससे कांग्रेस को फायदा होगा। इसी बीच दस फीसदी लोगों ने माना इससे किसी भी दल को लाभ नहीं होगा। बता दें कि 26 जनवरी से 4 फरवरी के बीच ये सर्वे किया गया। इसमें सभी 70 विधानसभा सीटों से 11 हजार 188 लोगों से बातचीत की गई और उनसे इस मुद्दे पर राय मांगी गई।