बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती की मां रामरती का निधन शनिवार को करीब 92 वर्ष की उम्र में हो गया। शनिवार शाम को हृदयगति रूक जाने की वजह से मायावती की मां का अस्पताल में देहांत हो गया। मायावती अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नई दिल्ली जा रही हैं। रविवार को दिल्ली में परिवारजनों की उपस्थिति में उनकी मां का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। सतीश चंद्र मिश्रा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि अति दुख के साथ यह सूचित किया जाता है कि बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद व यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की माता रामरती का लगभग 92 वर्ष की उम्र में आज हॉस्पिटल में हृदय गति रुकने से स्वर्गवास हो गया है। कुदरत सभी को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। उनका अंतिम संस्कार बहन जी के दिल्ली पहुंचने व परिवार के एकत्र होने पर कल किया जाएगा।  बसपा कार्यालय ने भी इसको लेकर प्रेस रिलीज जारी की है।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर मायवाती की मां के निधन पर दुख जताया है। योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि उ.प्र. की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की माताजी रामरती का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मायावती की मां के निधन पर दुख व्यक्त किया। प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर लिखा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की माता रामरती के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस दुख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें। ऊं शांति।