मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले संजय सिंह मसानी शनिवार (3 नवंबर) को भाजपा से विपक्षी कांग्रेस में शामिल हो गए। संजय सिंह, शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह के भाई हैं। संजय सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रचार समिति के प्रमुख ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली।
नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय सिंह ने कहा,”मध्य प्रदेश को नाथ की जरूरत है शिवराज की नहीं, जो बीते 13 सालों से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हुए हैं। संजय सिंह ने भाजपा पर वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया है।
LIVE: Press briefing by @OfficeOfKNath, @JM_Scindia and Deepak Babaria. https://t.co/oiRoFCjae1
— Congress Live (@INCIndiaLive) November 3, 2018
Delhi: Sanjay Singh, brother-in-law of #MadhyaPradesh Chief Minister Shivraj Singh Chouhan, joins Congress party. pic.twitter.com/vMdFKiMmLL
— ANI (@ANI) November 3, 2018
वहीं संजय सिंह को कांग्रेस में शामिल करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, ” संजय सिंह, साधना सिंह के सगे भाई हैं। साधना सिंह, शिवराज जी की पत्नी हैं। संजय आज कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि जिस निष्ठा के साथ वह भाजपा में काम कर रहे थे। उसी निष्ठा के साथ वह कांग्रेस में भी काम करते रहेेंगे।”
बता दें कि आज जिस संजय सिंह को कांग्रेस ने अपने साथ में मिला लिया है। उसी संजय सिंह मसानी पर कांग्रेस लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगाती रही है। कांग्रेस का आरोप था कि शिवराज सिंह ने अपने साले संजय सिंह को खनन के ठेके दिलवाने में पक्षपात किया है। ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि हो सकता है कि कांग्रेस संजय सिंह को उनके जीजा शिवराज सिंह के खिलाफ बुधनी सीट से उम्मीदवार बना दे।
संजय सिंह की बगावत उस वक्त सामने आई है जब भाजपा ने मध्य प्रदेश में आगामी 28 नवंबर को होने वाले एक चरणीय विधानसभा चुनावों के लिए 177 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में 24 वर्तमान मंत्रियों को शामिल किया गया है। जबकि 34 विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। जिन विधायकों के टिकट काटे गए हैं उनमें तीन मंत्री भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने अभी ये खुलासा नहीं किया है कि शेष 53 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कब होगा।