केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच अब तक कृषि कानूनों को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई है। जहां केंद्र सरकार साफ कर चुकी है कि वह सिर्फ कानूनों के प्रावधान को बदलने पर चर्चा करेगी, वहीं किसान संगठन बातचीत से पहले सीधे कानून वापस लेने पर अड़े हैं। इस बीच भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत ने उड़न सिख मिल्खा सिंह को याद किया और जीत न मिलने तक मजबूत इरादे रखने की बात कही।

बताया गया है मिल्खा सिंह की याद में टिकैत ने रविवार सुबह 6 बजे ही किसान मजदूर मैराथन दौड़ का आयोजन किया था। इसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों के जुटने की बात कही जा रही है। अपने ट्वीट में भाकियू नेता ने किसानों के साथ दौड़ लगाने की फोटो भी शेयर की। इसमें उन्हें स्पोर्ट्स शूज पहनकर साथियों के साथ खुद भी दौड़ लगाते देखा जा सकता है। वायरल हुई फोटो में तो कई लोगों को टीशर्ट-कुर्ते में मिल्खा सिंह की फोटो लगाए भी देखा गया।

क्या बोले राकेश टिकैत?: टिकैत ने अपने ट्वीट में कहा, “बुलंद हौसलों और मजबूत इरादों के साथ किसानों के हकों के लिए बीकेयू की दौड़ सात माह से चल रही है और यही जीत की दौड़ उड़न सिख मिल्खा सिंह के लिए आज सच्ची श्रद्धांजलि है।” उन्होंने आगे कहा, “मिल्खा सिंह बड़े खिलाड़ी थे इसलिए उनके याद में आज हम दौड़ लगा रहे हैं। इस दौड़ से उनके परिवार को एक मैसेज जाएगा कि आज भी उन्हें याद किया जाता है।”

उन्होंने एक और ट्वीट में कहा, “भाकियू किसानों के आत्मसम्मान के लिए आखिरी दम तक लड़ेगी और जीतेगी।” किसान आंदोलन कमेटी के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा समेत तमाम पदाधिकारियों ने किसान मजदूर मैराथन में हिस्सा लिया।

19 जून को हुआ था मिल्खा सिंह का निधन: मिल्खा सिंह का पिछले महीने 19 जून को कोरोना से निधन हो गया था। वे 91 साल के थे। उड़न सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह ने चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले एक महीने से वो कोरोना से लड़ रहे थे। चार बार एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट मिल्खा सिंह को मई में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।