BJP New President News: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद पार्टी को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि पार्टी में किसी तरह की कोई कलह नहीं है।

न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में राजनाथ सिंह ने कहा, “बिहार विधानसभा चुनाव के बाद आप अगले भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के बारे में सुनेंगे। हमारी पार्टी में कोई विवाद नहीं है।” राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका पर भी स्पष्टीकरण दिया और पार्टी के राजनीतिक निर्णयों पर उसके प्रभाव की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा, “आरएसएस कभी भी बीजेपी के राजनीतिक कार्यों में हस्तक्षेप नहीं करता। मैं बचपन से ही आरएसएस से जुड़ा रहा हूं। संघ ही देशभक्ति का संस्कार देता है।”

पार्टी को मिलेगा 12वां अध्यक्ष

बता दें कि अगला अध्यक्ष पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष होगा। जेपी नड्डा पहली बार 2019 में कार्यवाहक अध्यक्ष बने और 2020 में आधिकारिक रूप से चुने गए। हाल ही में नड्डा को केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य और रसायन एवं उर्वरक मंत्री के रूप में शामिल किया गया। इसके बाद से लगातार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने चल रहे बिहार चुनावों के बारे में भी बात की और सत्तारूढ़ एनडीए के एक और कार्यकाल जीतने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “जनता की प्रतिक्रिया से हमें विश्वास है कि हम सरकार बनाएंगे और हमें दो-तिहाई बहुमत मिल सकता है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे और चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जा रहा है।”

प्रशांत किशोर को लेकर क्या बोले राजनाथ सिंह

प्रशांत किशोर के बिहार की राजनीति में एंट्री करने पर राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी जन सुराज को एक भी सीट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा , “प्रशांत किशोर एक महत्वहीन फैक्टर हैं और इस पर ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है। लोग जानते हैं कि कौन वोट काटने के लिए लड़ रहा है और कौन सरकार बनाने के लिए। किशोर की पार्टी शायद एक भी सीट न जीत पाए।”

ये भी पढ़ें: क्या पहली बार किसी महिला को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाएगी BJP; RSS का क्या स्टैंड है?