Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में कई राज्यों में अपने प्रदेश अध्यक्षों को बदल दिया। 2024 में होने जा रहे लोक सभा के आम चुनाव और उससे पहले कई बड़े राज्यों के विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह एक बड़ा सियासी कदम है। राज्यों के पार्टी मुखिया बदलने के बाद संगठन में बदलाव से कई नेताओं को दूसरी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। सुनील जाखड़ को पंजाब का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वह अश्विनी शर्मा की जगह लेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों की बदलाव की सूचना राष्ट्रीय महासचिव और हेडक्वार्टर इंचार्ज अरुण सिंह ने जारी की।
पहले कांग्रेस में थे सुनील जाखड़, जी किशन रेड्डी को तेलंगाना की जिम्मेदारी
सुनील जाखड़ पहले कांग्रेस में थे। वे कुछ समय पहले ही पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। वे कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रहे बलराम जाखड़ के बेटे हैं। काफी समय से यह चर्चा चल रही थी कि उन्हें प्रदेश भाजपा का मुखिया बनाया जा सकता है। फिलहाल पार्टी ने चार राज्यों के मुखिया बदले हैं। इनमें पंजाब के अलावा झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं। पार्टी ने बाबूलाल मरांडी को झारखंड, पी पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश, जी किशन रेड्डी को तेलंगाना की जिम्मेदारी दी है।
हाल ही में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद भारतीय जनता पार्टी अपने चुनाव प्रबंधन समिति को भी मजबूत करने में जुटी हुई है। राजेंद्र एटीला को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस बीच बिहार के सीएम नीतीश कुमार की पहल पर पटना में विपक्षी दलों ने एकता महाबैठक करके मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
दूसरी तरफ अगले कुछ महीनों में राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इन सब घटनाओं पर पार्टी की कड़ी नजर है। कर्नाटक की हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं ने अपनी रणनीति बनाने की कवायद तेज कर दी है।
खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका और मिस्र की यात्रा से लौटने के तुरंत बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई शीर्ष नेताओं के साथ बैठक कर हालात का जायजा लिया था।