भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भारतीय नागरिक की तरह व्यवहार करने की नसीहत देते हुए कहा है कि दोनों नेता अपने विरुद्ध अदालत द्वारा जारी समन के विरोध में संसद की कार्यवाही ठप ना कराएं। हुसैन ने बुधवार देर रात सिकन्दरपुर में एक व्यक्तिगत कार्यक्रम में शिरकत के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस पर जमकर हमले किये और नेशनल हेरल्ड मामले में सोनिया और राहुल के खिलाफ समन जारी होने को लेकर कांग्रेस सदस्यों द्वारा संसद के दोनों सदनों में कामकाज बाधित करने को लेकर पार्टी को आड़े हाथ लिया।

उन्होंने कहा ‘‘भारत के संविधान में हर नागरिक को समान अधिकार प्राप्त है। सोनिया जी और राहुल गांधी को समन ही तो जारी हुआ है। उन्हें भारत के आम नागरिक की तरह व्यवहार करना चाहिये। उनके पास बड़े वकील हैं। वे अदालत में अपना पक्ष रखें। सोनिया और राहुल के लिये अलग कानून नहीं है। कांग्रेस उनके खिलाफ समन के लिये देश का समन ना करें। संसद की कार्यवाही चलने दें और महत्वपूर्ण विधेयक पारित होने दें।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय पर साजिश करने तथा दोहरा मापदण्ड अपनाने के कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस को संसद में हंगामा करने के बजाय इस पर बहस करनी चाहिये। संसद में बहस हो तो उसे बताया जाएगा कि उसने क्या किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल देश में चुनी हुई सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बरदाश्त नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस जानबूझकर योजनाबद्ध तरीके से देश के विकास को रोकने की कोशिश में जुटी है।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पाकिस्तान दौरे को लेकर पूछे गये सवाल पर हुसैन ने कहा कि अफगानिस्तान भारत का दोस्त है। अफगानिस्तान को लेकर पाकिस्तान में आयोजित सम्मेलन में भाग लेने के लिये सुषमा पाकिस्तान गयी हैं और पाकिस्तान की सरजमीं से आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलन्द की है। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि विदेश मंत्री के दौरे से भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तल्खी कम हुई है।

सुषमा के इस दौरे को लेकर पूर्व विदेश मंत्री यशवन्त सिन्हा तथा शिवसेना के विरोध के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि देश में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है लेकिन सरकार को अपना काम करने तथा निर्णय लेने का अधिकार है।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के आगे भारत के घुटने टेकने सम्बन्धी सिन्हा की कथित टिप्पणी पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा ‘‘पाकिस्तान इतना छोटा है और हमारा घुटना इतना बड़ा है कि टेक देंगे तो पाकिस्तान दब जाएगा। वैसे, यह कहना गलत है कि भारत ने घुटने टेक दिये हैं। भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र है। सपा तथा बसपा का कोई नेता अगर इस तरह का बयान देता तो तत्काल पार्टी से निकाल दिया जाता है।’’

हुसैन ने राम मंदिर निर्माण को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत तथा भाजपा नेता विनय कटियार के विवादित बयानों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि सरकार को इस मसले का सौहार्दपूर्ण हल निकालने की कोशिश करनी चाहिये। मसले का हल अदालत और बातचीत के जरिये ही सम्भव है।

ऑल इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा देश में असहिष्णुता के खिलाफ आंदोलन चलाये जाने के फैसले पर हुसैन ने कहा कि आखिर देश में असहिष्णुता है कहां। करोड़ों मुसलमान सुरक्षित रह रहे हैं। मुस्लिमों के लिये भारत से अच्छा कोई और मुल्क नहीं है।

उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में परिवर्तन की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में नेतृत्व बदलने और किसी दल से गठजोड़ को लेकर पार्टी के भीतर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरी मजबूती से लड़ेगी और जीतेगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश अच्छे बेटे तो हैं लेकिन अच्छे मुख्यमंत्री नहीं हैं।