दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने धमाकेदार जीत हासिल की है। हालांकि आम आदमी पार्टी अपने पूरे दबदबे और जमकर चुनाव प्रचार के बाद भी बदरपुर सीट को नहीं बचा सकी थी। बदरपुर सीट से भाजपा के रामवीर सिंह बिधूड़ी ने जीत दर्ज की थी। बिधूड़ी ना सिर्फ जीतने में सफल रहे बल्कि अच्छे खासे अंतर से चुनाव जीते थे। अब भाजपा ने रामवीर सिंह बिधूड़ी को दिल्ली विधानसभा में प्रतिपक्ष का नेता बनाया है।
बता दें कि रामवीर सिंह बिधूड़ी की यह जीत इस मायने में भी खास है कि बदरपुर की सीमा शाहीन बाग इलाके से लगती है और दिल्ली चुनाव में शाहीन बाग का मामला खूब उछला था। शाहीन बाग के मामले को लेकर दिल्ली में वोटों के ध्रुवीकरण की भी बात कही गई थी। इस सभी के बावजूद रामवीर सिंह बिधूड़ी बदरपुर सीट से जीत दर्ज करने में सफल रहे थे।
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बदरपुर सीट पर आप उम्मीदवार रामसिंह नेताजी को हराया था। उल्लेखनीय है कि रामसिंह नेताजी भी इलाके के कद्दावर नेता हैं और कई बार बदरपुर से विधायक रह चुके हैं। दिल्ली चुनाव से कुछ समय पहले ही वह कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। जिसके बाद आप ने बदरपुर सीट पर पिछले चुनाव में जीत दर्ज करने वाले नारायण दत्त शर्मा का टिकट काटकर रामसिंह नेताजी को अपना उम्मीदवार बनाया था। इसके बावजूद रामवीर सिंह बिधूड़ी जीत दर्ज करने में सफल रहे।
रामवीर सिंह बिधूड़ी और रामसिंह नेताजी के बीच चुनावी अदावत 25 साल पुरानी है। साल 1993 से 2013 तक बदरपुर सीट पर ये दोनों नेता बारी-बारी से विधायक चुने जाते रहे। इस बार रामवीर सिंह बिधूड़ी का पलड़ा भारी साबित हुआ। बदरपुर सीट गुर्जर बहुल सीट है, यही वजह है कि यहां गुर्जर समुदाय के उम्मीदवारों का ही अधिकतर दबदबा रहा है।
रामवीर सिंह बिधूड़ी कई पार्टियों भाजपा में आने से पहले कई अन्य पार्टियों में भी रह चुके हैं। बदरपुर सीट का एक रोचक तथ्य भी है कि जिस भी पार्टी का विधायक बदरपुर से चुना गया है, वो पार्टी उस टर्म में सत्ता में नहीं रही है।
भाजपा में शामिल होने से पहले बिधूड़ी लोजपा, जनता दल, एनसीपी में भी शामिल रहे। वहीं दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष चुने जाने पर रामवीर सिंह बिधूड़ी ने पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा और सभी भाजपा विधायकों को धन्यवाद दिया। बिधूड़ी के अलावा दिल्ली चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा के अन्य विधायक विजेन्द्र कुमार, अभय वर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, अनिल वाजपेयी, जितेन्द्र महाजन, अजय महावर और मोहन सिंह बिष्ट शामिल हैं।
