कोरोना महामारी के बीच पिछले दिनों कई जगहों पर लोगों ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लोगों के बीच दिखाई नहीं दिए। इसकी वजह से भाजपा की खूब आलोचना भी हुई और उनके नेताओं पर संकट के समय लोगों के साथ खड़े नहीं रहने का आरोप लगा। इतना ही नहीं कई जगहों पर तो लोगों ने नाराज होकर अपने स्थानीय भाजपा सांसद और विधायकों के लापता होने के पोस्टर भी लगा दिए। लोगों की नाराजगी और आलोचना झेलने के बाद भाजपा अब डैमेज कंट्रोल में जुट गई है।

द इंडियन एक्सप्रेस में छपे कॉलम दिल्ली कॉन्फिडेंशियल के मुताबिक राज्य पदाधिकारियों और जिला नेताओं के साथ हुई बैठक में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरने और लोगों की मदद करने की नसीहत दी है। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष के नसीहत के बाद आईटी सेल जो अब तक विपक्षी नेताओं पर हमला करने और सरकार की छवि चमकाने में जुटा था वह भी अब सेवा ही संगठन वाला हैशटैग ट्विटर पर चलाने में जुट गया है।

इसके अलावा भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सभी लोगों से कोविड प्रोटोकॉल पालन करने का आग्रह किया है। नड्डा ने मीटिंग में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोगों को फेस मास्क और हैंड सैनिटाइजर बांटे और उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। इसके अलावा नड्डा ने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा है कि इस भीषण महामारी के दौरान जरूरतमंदों को दवा, भोजन और पीपीई किट भी बांटा जाए।

बता दें कि बुधवार को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के पार्टी सांसदों, राज्‍य पार्टी अध्‍यक्षों और प्रभारियों के साथ कोरोना महामारी के दौरान पार्टी के द्वारा चलाए जा रहे सेवा ही संगठन अभियान को लेकर चर्चा की थी। इसके अलावा बीते मंगलवार को जे पी नड्डा ने मध्‍यप्रदेश, छत्‍तीसगढ़, बिहार और झारखंड के पार्टी सांसदों और नेताओं से भी बातचीत की थी।

बीते 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 276059 नए मामले सामने आए जबकि 3876 लोगों की मौत इस महामारी की वजह से हो गई। देश में अभी भी 32 लाख से ज्यादा मामले उपचाराधीन हैं। नए आंकड़ों के साथ ही देश में अबतक करीब 2 लाख 83 हजार लोगों की मौत कोरोना की वजह से हो चुकी है। इस महामारी की वजह से अब तक करीब 2.57 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं।