उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को अपना चेहरा बना सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अगले साल होने वाले चुनावों के लिए राजनाथ को उत्‍तर प्रदेश में प्रचार के लिए बड़ी जिम्‍मेदारी दी जा सकती है। राजनाथ को चेहरा बनाकर भाजपा सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह और बसपा प्रमुख मायावती से टक्‍कर लेने की सोच रही है। हालांकि अभी इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं आया है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस बारे में राजनाथ से पूछा गया है उनके हामी भरने के बाद ही फैसला किया जाएगा।

उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017: जीत के लिए BJP ने बनाया मास्‍टरप्‍लान, RSS निभाएगा अहम भूमिका

राजनाथ सिंह उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री रह चुके हैं। उन्‍हें भाजपा का उदार चेहरा माना जाता है और मुसलमानों में भी उनकी पैठ है। हालांकि राजनाथ फिर से यूपी की राजनीति में जाने के इच्‍छुक नहीं हैं। पार्टी सूत्रों का अनुसार राजनाथ को केवल प्रचार का अगुवा बनाया जा सकता है। सीएम पद के लिए फैसला सर्वसम्‍मति होने पर ही लिया जाएगा। राजनाथ सिंह राजपूत नेता है और उन्‍हें बड़ा पद मिलने से भाजपा को आशंका है कि ब्राह्मण नाराज हो सकते हैं। उत्‍तर प्रदेश की राजनीति में जातियों की भूमिका काफी अहम है। इसके चलते भाजपा फूंक-फूंककर कदम रख रही है। इलाहाबाद में होने वाली नेशनल एग्‍जीक्‍यूटिव की बैठक में इस संबंध में विस्‍तार से चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 56 इंच का सीना एक इंच भी कम नहीं हुआ: राजनाथ सिंह

उत्‍तर प्रदेश चुनावों के लिए भाजपा प्रचार शुरू कर चुकी है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्‍यक्ष अमित शाह चुनावी रैलियों में जुटे हुए हैं। राजनाथ सिंह भी प्रचार में जुट चुके हैं। गौर करने वाली बात है कि जहां पीएम की सभाओं में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को शामिल किया जाता है। वहीं राजनाथ सिंह अपने रैलियों में सीधे समाजवादी पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हैं। वहीं अमित शाह का जोर पार्टी संगठन को मजबूत करने और बसपा को निशाना बनाने पर है।

उत्‍तर प्रदेश चुनाव: BJP का आदेश- विधानसभा टिकट चाहिए तो 25 हजार FB लाइक लाओ