Operation Lotus: पश्चिम बंगाल के हावड़ा में कांग्रेस के तीन विधायकों 30 जुलाई को भारी मात्रा में नकदी के साथ हिरासत में लिया गया है। इसमें जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, खिजरी से विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा से विधायक नमन बिक्सल शामिल हैं। इन विधायकों के पकड़े जाने के बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि झारखंड में भाजपा के “ऑपरेशन लोटस” का पर्दाफाश हो गया है।

“झारखंड में महाराष्ट्र जैसा”:

बता दें कि कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा पर झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश में लगी है। पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को एक ट्वीट में लिखा, “झारखंड में भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ आज की रात हावड़ा में बेनकाब हो गया। दिल्ली में ‘हम दो’ का गेम प्लान झारखंड में वही करने का है जो उन्होंने महाराष्ट्र में एकनाथ-देवेंद्र(E-D) की जोड़ी से करवाया।

वहीं विधायकों को लेकर झारखंड कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने कहा कि इस मामले में जांच हो जाने दीजिए। इसके पहले इस बारे में बात करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आलाकमान को इसकी रिपोर्ट सौंपी जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

बता दें कि कांग्रेस इस पूरे मामले को भाजपा की साजिश करार दे रही है। पार्टी को ऑपरेशन लोटस का डर सता रहा है। दरअसल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने कई गैर-भाजपा शासित राज्यों में ऑपरेशन लोटस के जरिए वहां की सरकारों को अस्थिर किया। इसी क्रम में झारखंड में भी यह कोशिश हो रही है। बता दें कि कांग्रेस राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ झारखंड में सोरेन सरकार का हिस्सा है।

झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हाल ही में सभी ने देखा कि कैसे राज्य सरकारों को गिराने के लिए असम को केंद्र बिंदु बनया गया। महाराष्ट्र मामले में 15 दिनों तक ड्रामा हुआ और आखिरकार नतीजा यह हुआ कि महाराष्ट्र सरकार गिरा दी गई। इससे पता चलता है झारखंड सरकार को अस्थिर करने की साजिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह साफ हो जाएगा। कांग्रेस के दावों के मुताबिक ऑपरेशन लोटस के जरिए भाजपा ने मध्य प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, बिहार जैसे राज्यों में जोड़-तोड़ करने की रणनीति से सत्ता हासिल की। इसी को देखते हुए कांग्रेस झारखंड को लेकर भी आशंका में हैं।