बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को दिल्ली में नया आवास मिल गया है। उन्हें लुटियंस जोन में सरकार द्वारा एक बंगला आवंटित किया गया है। नितिन नबीन लुटियंस जोन में बंगला नंबर 9, सुनहरी बाग रोड में रहेंगे। बताया जा रहा है कि मकर संक्रांति के तुरंत बाद ही नितिन नबीन अपने नए पते पर शिफ्ट हो जाएंगे। बंगले के रिनोवेशन का काम शुरू हो गया है।
बगल ही रहते हैं राहुल गांधी
जब से नितिन नबीन कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं, तब से ही उनके लिए ऐसा बंगला ढूंढा जा रहा था, जो गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और संसद के पास में हो। बता दें कि सुनहरी बाग लेन में ही विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी रहते हैं। उनके बंगले की संख्या 5 है।
कब होगा चुनाव?
सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 18 से 20 जनवरी के बीच पूरा हो सकता है। 20 जनवरी को नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है। देश के 29 राज्यों में बीजेपी ने संगठनात्मक चुनाव पूरे कर लिए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए आधे से अधिक राज्यों में चुनाव होने जरूरी है। बताया जाता है कि जिन राज्यों में चुनाव हो चुके हैं, उन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन की उम्मीदवारी का समर्थन करते हुए नामांकन फॉर्म जमा करेंगे। वहीं दूसरा सेट बीजेपी के नेशनल काउंसिल के सदस्यों द्वारा जमा किया जाएगा। नेशनल काउंसिल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हैं और वह भी अपने हस्ताक्षर करेंगे।
‘राहुल गांधी की तरह पार्ट टाइम पॉलिटीशियन मत बनो’, पटना में कार्यकर्ताओं से बोले नितिन नबीन
नितिन नबीन ही एकमात्र उम्मीदवार होंगे, ऐसे में वह निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जा सकते हैं। बीजेपी के मुख्य चुनाव अधिकारी के लक्ष्मण हैं। वह नामांकन पत्रों की जांच के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा कर देंगे। इस दौरान भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली में रह सकते हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल का होता है। ऐसे में नितिन नबीन का कार्यकाल जनवरी 2026 से जनवरी 2019 तक होगा। मार्च-अप्रैल 2029 में लोकसभा के चुनाव हो सकते हैं। ऐसे में नितिन नबीन को 6 महीने का एक्सटेंशन भी दिया जा सकता है, जैसा कि 2019 और 2024 में हुआ। पढ़ें बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला रिएक्शन
