संसद के बाहर हुई धक्का-मुक्की में घायल हुए बीजेपी सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वह दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में एडमिट थे। दोनों सांसद संसद परिसर में एनडीए और इंडिया गठबंधन के सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई धक्कामुक्की से घायल हो गए थे, उन्हें सिर में चोट आई थी और ब्लड प्रेशर की समस्या हो गई थी। जिसके बाद लगातार आरएमएल के डॉक्टरों दोनों सांसदों की सेहत पर अपडेट दे रहे थे। फिलहाल दोनों की सेहत पहले से काफी बेहतर है।
सांसदों ने क्या आरोप लगाए थे?
बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दोनों सांसदों को धक्का दिया था, जिसके बाद वह घायल हो गए थे। घायल बीजेपी सांसदों की हालत पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक बयान देते हुए कहा था कि राहुल गांधी द्वारा धक्का दिए जाने से बीजेपी के दो सांसद घायल हो गए थे।
एनडीए और इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने गुरुवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था। इसी दौरान सांसदों के बीच धक्का-मुक्की हो गई थी। इसमें दो भाजपा सांसद घायल हो गए थे। भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा एक अन्य सांसद को धक्का देने के बाद गिर गए और घायल हो गए थे। सारंगी ने दावा किया कि वह सीढ़ियों के पास खड़े थे। तभी एक सांसद उनके ऊपर गिर गया। जिससे उनके सिर पर चोट लग गई। हालांकि कांग्रेस ने इसे सिरे से खारिज कर दिया था।
राहुल गांधी के खिलाफ FIR: BJP सांसद हेमांग जोशी का RSS से क्या है कनेक्शन?
हाथापाई से जुड़े मामले में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने बीजेपी के सांसदों के खिलाफ भी FIR दर्ज कराई है और आरोप लगाए हैं कि बीजेपी सांसदों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जमीन पर धक्का दिया, जिसके चलते उनके घुटने और पैर में चोट आई है। इस केस को भी जांच के लिए क्राइम ब्रांच के पास ही भेजा गया है। अब इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एक टीम कर रही है।