देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बीते शुक्रवार को मुंबई में पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से भी कम दर्ज गई। मुंबई में कोरोना के कम होते मामलों को लेकर भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने महाराष्ट्र सरकार की पीठ थपथपाई है। सुब्रमण्यम स्वामी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी पीठ थपथपाई जानी चाहिए।
भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मुंबई में कोरोना के मामलों में कमी लाने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पीठ को थपथपाना चाहिए। साथ ही सुब्रमण्यम स्वामी ने लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि महाराष्ट्र के अस्पताल अब बेहतर स्थिति में हैं।
Uddhav Thackeray govt needs a small pat in on the back( big pat if trend continues) for lowering the Coronavirus infection rate in Mumbai. I believe even hospitals are now in a better shape
— Subramanian Swamy (@Swamy39) May 1, 2021
पिछले दो महीने से सबसे ज्यादा संक्रमण की मार झेल रहे मुंबई के लिए शुक्रवार को एक बड़ी खुशखबरी आई। शुक्रवार को आए आंकड़ों के अनुसार करीब 43,525 टेस्ट में से सिर्फ 4,328 ही पॉजिटिव पाए गए। साथ ही पॉजिटिव पाए गए केसों में भी करीब 85 प्रतिशत में कोई लक्षण नहीं थे। अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि कोरोना के कम होते केसों की वजह से अस्पतालों में करीब 5 हजार से ज्यादा बेड खाली हो गए हैं।
अप्रैल महीने में मुबई में पॉजिटिविटी रेट करीब 27 फीसदी तक चला गया था। शहर में सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट 4 अप्रैल को मिला था। तब शहर में 27.94 फीसदी पॉजिटिविटी रेट था। कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए उद्धव सरकार ने पूरे 13 अप्रैल को लॉकडाउन की घोषणा कर दी थी। जिसके बाद मुंबई में कोरोना के संक्रमण में हल्की कमी देखी गई थी।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 63,282 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 663758 हो गई है। वहीं मुंबई से पिछले 24 घंटे में 3908 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा राज्यभर में पिछले 24 घंटे में करीब 802 लोगों की मौत इस महामारी की वजह से हो चुकी है।