अपने विवादित बयानों से सुर्खियों रहने वालीं भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कोर्ट की अवमानना करते हुए लोगों से कहा कि नवरात्र पर लाउडस्पीकर और डीजे देर तक बजाने को लेकर सारे नियम क्या सिर्फ हिंदुओं के लिए हैं। हम इसे नहीं मानेंगे और इस नवरात्र पर हम लाउडस्पीकर-डीजे सब चालएंगे। कोई गाइडलाइंस नहीं है। इसी बीच जब उन्हें कोर्ट के फैसले की याद दिलाई तो उन्होंने कहा, ‘हमें कोर्ट का फैसला मंजूर नहीं है।’ भोपाल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने यह बातें कहीं।

उल्लेखनीय है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब भाजपा सांसद ने विवादित बयान दिया हो। इसेस पहले उन्होंने कहा था कि बाबरी मस्जिद गिराने के लिए उन्हें खुद पर गर्व है। उन्होंने कहा था, ‘बाबरी मस्जिद गिराए जाने का हमें अफसोस नहीं है। ढांचा गिराने पर तो हम गर्व करते हैं। हमें प्रभु रामजी के मंदिर पर अपशिष्ट पदार्थ थे, जिन्हें हमने हटा दिया।’

मालेगांव धमाकों में आरोपी रही प्रज्ञा ने यह भी कहा था कि उन्हें गर्व है कि स्वाभिमान जगा। रामजी का भव्य मंदिर भी बनाएंगे। मस्जिद तोड़कर हिंदुओं के स्वाभिमान को जागृत किया था। अब वहां मंदिर बनाकर अराधना की जाएगी।

इससे पहले उन्होंने मुंबई एटीएस प्रमुख रहे और आतंकी हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे पर विवादित बयान दिया था। विवाद हुआ तो बाद में उन्हें अपना बयान वापस लेना पड़ा।