Pragya Singh Thakur: भाजपा की फायर ब्रांड नेता और भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। उनके साथ एक बार फिर से फ्लाइट में विवाद हो गया है। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने खिलाफ फ्लाइट में साजिश का आरोप लगाया है।

भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘अकासा एयर की एक फ्लाइट से मुंबई से दिल्ली आने के दौरान ड्यूटी मैनेजर इमरान और उसके साथियों ने साजिश कर बड़ा नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।’

प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने केंद्रीय सिविल एविएशन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अकासा एयरलाइन को भी टैग किया और कार्रवाई करने की मांग की। लिखा, ”उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी मुंबई से दिल्ली अकासा एयरलाइन्स की फ्लाइट नंबर QP1120 से दिल्ली आने पर ड्यूटी मैनेजर इमरान और उसके साथियों द्वारा षड्यंत्र कर मुझे बड़ी हानि पहुंचाने का प्रयास किया गया। अपेक्षा करती हूं आप कार्रवाई अवश्य करेंगे। जय श्री राम।”

वहीं बीजेपी भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के एक्स पर अकासा एयर ने भी प्रतिक्रिया दी है। एयरलाइन ने कहा, ‘माननीय संसद सदस्य सुश्री प्रज्ञा ठाकुर, आपके डी-बोर्डिंग अनुभव को जानकर हमें खेद है। होने वाली किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है। हालांकि हम घटना की विस्तार से जांच करेंगे, हम इसे अपनी सेवाओं में सुधार जारी रखने के लिए सीखने के अवसर के रूप में देखते हैं।’

अकासा एयर के प्रवक्ता ने पीटीआई को दिए एक बयान में कहा, “हालांकि हम घटना की विस्तार से जांच करेंगे, हम इसे सीखने और अपनी सेवाओं में सुधार जारी रखने के अवसर के रूप में लेंगे।” हालांकि, अभी तक इस पूरे मसले पर ज्योतिरादित्य सिंधिया का कोई बयान सामने नहीं आया है।

बता दें, इससे पहले साल 2019 में भी साध्वी प्रज्ञा का फ्लाइट में विवाद हो गया था। उस वक्त दिल्ली से भोपाल की एक फ्लाइट में यात्रा करने के दौरान प्रज्ञा ठाकुर को सीट के चक्कर में यात्रियों के गुस्से का सामना करना पड़ गया था। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, 21 दिसंबर 2019 को दिल्ली से भोपाल जाने वाली स्पाइजेट की फ्लाइट में मनचाही सीट को लेकर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की क्रू मेंबर से बहस हो गई थी। मनचाही सीट की मांग को लेकर वह फ्लाइट में ही धरने पर बैठ गई थीं। इस बीच यात्रियों ने फ्लाइट में साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और उनके व्यवहार की आलोतना भी की थी।