साल 2021 का अंतिम सप्ताह भी खत्म होने वाला है और कुछ ही दिन में नया साल शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही चुनावों की तिथियां भी जल्द ही घोषित होने की संभावना है। राजनीतिक दलों में रणनीतियां तो बन ही रही हैं, लेकिन इस बार जनता ने क्या रणनीति बनाई है, वह किसका समर्थन करेगी और किसको जीत से दूर रखेगी, इस पर भी मंथन शुरू हो चुका है।
उत्तराखंड में अभी भाजपा की सरकार है। ताजा सर्वेक्षण में जनता का मूड फिर से भाजपा को ही सरकार बनाता नजर आ रहा है। इंडिया न्यूज-जन की बात पोल के ताजा सर्वेक्षण के मुताबिक सत्ताधारी पार्टी वहां 35 से 38 सीटें जीत सकती है। सत्ता पाने के लिए व्याकुल कांग्रेस पार्टी के पक्ष में केवल 27 से 31 सीटें ही जाती दिख रही हैं। हालांकि पार्टी के अंदर जिस तरह विवाद की स्थिति बनी हुई है, उससे उसको और नुकसान झेलना पड़ सकता है। आम आदमी पार्टी को 1 से 6 सीटें मिल सकती हैं।
ताजा चुनाव सर्वेक्षण में भले ही भाजपा के फिर से सत्तासीन होने की संभावना है, लेकिन उसकी सीटें पिछली बार से घटती दिख रही है। पिछले चुनाव में पार्टी को 57 सीटों पर सफलता मिली थी, इस बार वह अभी तक के जनता के मूड के मुताबिक 35 से 38 सीटें ही पा सकती है। इस सर्वेक्षण में कुल 5000 लोगों ने अपनी राय व्यक्त की।
यह पूछने पर सबसे अच्छा मुख्यमंत्री कौन साबित होगा? 40 फीसदी लोगों ने पुष्कर सिंह धामी को पहला वोट दिया। 30 फीसदी लोगों की नजर में हरीश रावत अच्छे सीएम साबित होंगे। 20 फीसदी लोग बोले भाजपा नेता अनिल बलूनी और 9 फीसदी लोगों ने आम आदमी पार्टी के कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) को अच्छा बताया।
चुनावी मुद्दों के बारे में भी जनता की राय अलग-अलग रही। 47 फीसदी लोगों ने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी और प्रवास को सबसे बड़ा मुद्दा बताया, जबकि 20 प्रतिशत लोगों ने स्वास्थ्य और पानी की कमी को महत्वपूर्ण बताया। सर्वेक्षण में शामिल अन्य 12 प्रतिशत ने शिक्षा का हवाला दिया, जबकि 10 प्रतिशत ने कहा कि चुनाव में मुद्रास्फीति एक महत्वपूर्ण मुद्दा हो सकता है।