महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने दावा किया है कि मुंबई के ट्रैफिक जाम तलाक की वजह बन रहे हैं। उनके इस दावे पर सियासी बवाल मच गया है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने भी उनके आरोपों पर जवाब दिया है।
दरअसल अमृता फडणवीस ने कहा कि मैं देवेंद्र फडणवीस की पत्नी हूं, आप यह आप भूल जाएं। मैं एक आम नागरिक की तरह बोल रही हूं। मैं रोज एक आम महिला की तरह घर से बाहर निकलती हूं। मैंने ट्रैफिक और सड़क पर गड्ढों का सामना किया है। मुंबई के ट्रैफिक की वजह से 3 फीसदी तलाक होता है क्योंकि लोग अपने परिवार को समय नहीं दे पाते।
अमृता फडणवीस के इस दावे पर मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने भी जवाब दिया। किशोरी पेडनेकर ने कहा कि उनका दावा आश्चर्यजनक है और उन्होंने यह कभी नहीं सुना कि ट्रैफिक की वजह से तलाक होते हैं। तलाक के दूसरे कई कारण हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा मुंबई को बदनाम करने की कोशिश में लगी है।
वहीं शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी अमृता फडणवीस के इस दावे पर तंज कसते हुए ट्वीट किया। प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा कि बेस्ट इलॉजिक ऑफ़ द डे का पुरस्कार उस महिला को जाता है जो दावा करती है कि 3% मुंबईकर सड़कों पर ट्रैफिक के कारण तलाक दे रहे हैं। कृपया मन पर ब्रेक लगाने से अच्छा है कि छुट्टी का ब्रेक लें। बेंगलुरु में रहने वाले परिवार कृपया इसे पढ़ने से बचें। यह आपकी शादियों के लिए घातक साबित हो सकता है।
यह पहली बार नहीं जब अमृता फडणवीस अपने बयान को लेकर चर्चा में है। इससे पहले उन्होंने एक ट्वीट में बिना नाम लिए हुए शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी नेताओं पर हमला बोला था। उन्होंने रिक्त स्थान भरने वाला एक क्वेश्चन ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने नॉटी नामर्द, बिगड़े नवाब, नन्हें पटोले जैसे विकल्प देकर रिक्त स्थान भरने को कहा था।