चुनावों का मौसम है और राजनेता जनसभाओं में मतदाताओं को लुभाने के लिए विपक्षी पार्टियों और नेताओं पर जमकर निशाना साध रहे हैं। मेरठ में भी ऐसी ही एक जनसभा के दौरान भाजपा नेता जयकरन गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधा। लेकिन अपने भाषण में वह कुछ ऐसा कह गए, जिस पर विवाद हो सकता है। एएनआई की एक खबर के अनुसार, जयकरन गुप्ता ने मंगलवार को मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘कांग्रेस के एक नेता तो बड़ी जोर-जोर से बोलते हैं, अच्छे दिन आए? उन्हें अच्छे दिन दिखायी नहीं देते। अरे स्कर्ट वाली बाई साड़ी पहनकर मंदिर में शीश लगाने लगी, गंगाजल से परहेज करने वाले लोग गंगाजल का आचमन करने लगे।’
बता दें कि हाल ही में कांग्रेस द्वारा पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी नियुक्त की गई प्रियंका गांधी लगातार उत्तर प्रदेश के दौरे कर रही हैं। हाल ही में प्रियंका गांधी ने गंगा यात्रा निकाली और इलाहाबाद से वाराणसी तक के मतदाताओं से मिली। इस दौरान प्रियंका गांधी कई मंदिरों, दरगाहों आदि में भी गई। इसी दौरे के दौरान एक मंदिर में प्रियंका गांधी लाल साड़ी में पूरे विधि-विधान से मंदिर में पूजा अर्चना करती नजर आयीं थी। वहीं एक जगह उन्होंने पूजा के दौरान गंगाजल से आचमन किया। अपने इस दौरे में प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा था। प्रियंका गांधी ने वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए थे। वहीं बयान पर हंगामा होते देख भाजपा नेता जयकरन गुप्ता ने इस पर सफाई दी है। गुप्ता ने कहा कि ‘मैंने किसी एक व्यक्ति के बारे में ये बात नहीं की है। मैंने कहा था कि स्कर्ट वाली बाई जिनको मंदिर जाने से परहेज था वो साड़ी पहनकर मंदिर-मंदिर जा रही हैं। बहुत से लोग ऐसा कर रहे हैं। ऐसे में आपको देखना पड़ेगा कि कौन इसमें फिट होता है।’

इससे पहले गौतमबुद्धनगर से भाजपा सांसद महेश शर्मा ने भी अपने एक बयान में विवादित टिप्पणी की थी। महेश शर्मा ने कहा था कि “वह पप्पू कहता है मैं पीएम बनूंगा। मायावती, अखिलेश, पप्पू और अब पप्पू की पप्पी भी आ गई हैं। वह प्रियंका क्या नया लेकर आयी है? पहले नेहरु, फिर राजीव, फिर संजय, फिर राहुल, फिर प्रियंका….और कोई होगा तो वह भी गांधी।” महेश शर्मा के इस बयान पर काफी बवाल मचा था। वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक में भाजपा के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा ने भी ऐसी बात कही है, जिसे राजनीतिक पार्टियां मुद्दा बना सकती हैं। दरअसल अपने एक बयान में ईश्वरप्पा ने कहा कि पार्टी मुसलमानों को टिकट नहीं देगी, क्योंकि यह समुदाय भाजपा पर विश्वास नहीं करता है।

