भारतीय जनता पार्टी मंगलवार को मध्य प्रदेश के भोपाल में ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ का आयोजन करने जा रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मंगलवार को भोपाल आएंगे। माना जा रहा है कि भाजपा का यह कार्यक्रम ‘राजनैतिक कार्यकर्ताओं का दुनिया का सबसे बड़ा’ कार्यक्रम होगा। यही वजह है कि भाजपा ने इसे ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ का नाम दिया है। कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन भाजपा के दिग्गज नेता और भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक में 10 लाख से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ता जुटेंगे। जिस तरह से इतने बड़े स्तर के आयोजन के लिए भोपाल को चुना गया है, उससे राजनीति के जानकारों का मानना है कि इसका फायदा शिवराज सिंह को आगामी विधानसभा चुनावों में मिल सकता है।

भोपाल के जंबूरी मैदान पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसे कार्यक्रम के चलते ‘अटल महाकुंभ परिसर’ का नाम दिया गया है। राज्य की 230 विधानसभा सीटों और 65000 पोलिंग बूथों पर फैले भाजपा के अधिकांश कार्यकर्ता इस बैठक में शामिल होंगे। इतनी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं को भोपाल लाने ले जाने के लिए सरकार ने 9 स्पेशल ट्रेनों को बुक किया है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी 17 सितंबर को भोपाल आए थे और उन्होंने शहर में एक रोड शो किया था। अब करीब एक हफ्ते बाद पीएम मोदी और अमित शाह भी कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने के लिए भोपाल आ रहे हैं। जिसे भाजपा का जवाब माना जा रहा है। हालांकि राहुल गांधी एक बार फिर 27-28 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश आएंगे।

इस कार्यकर्ता महाकुंभ की मदद से शिवराज सिंह चौहान के पास अपनी ताकत दिखाने का मौका है। यही वजह है कि शिवराज सरकार इस सम्मेलन के लिए काफी जोर लगा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी, जहां मशहूर गायक कैलाश खेर भजन गाकर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 12:15 बजे भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद पीएम मोदी 12.45 बजे हैलीकॉप्टर से जंबूरी मैदान पहुंचेंगे। पीएम मोदी करीब 3 घंटे मध्य प्रदेश में रहेंगे और शाम को वापस दिल्ली लौट आएंगे। भाजपा के इस कार्यकर्ता महाकुंभ का सीधा प्रसारण http://www.bjp.org एवं फेसबुक, यूट्यूब आदि पर भी देखा जा सकेगा।