आजादी के 75 साल पूरे होने पर देश में अमृत महोत्सव (Amrit Mahotsav) मनाया जा रहा है। ऐसे में सरकार की ओर से ‘हर घर तिंरगा अभियान’ चलाया जा रहा है। पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में कहा था कि आजादी के अमृत महोत्सव को मनाने के लिए सब लोग तिरंगे को अपने घरों पर लगाएं और अपनी प्रोफाइल में तिरंगा लगाएं। इस मुद्दे पर न्यूज़ चैनल आजतक पर एक टीवी डिबेट के दौरान बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि पहली बार लाल चौक पर तिरंगा 25 जुलाई को भाजपा ने फहराया था।

संबित पात्रा ने कहा, “लाल चौक पर तिरंगा फहराने की अनुमति नहीं थी, हमने वहां तिरंगा फहराया। अब हम पीडीपी से सीखेंगे कि तिरंगा क्या होता है? तिरंगे का सम्मान क्या होता है? नेशनल कॉन्फ्रेंस, महबूबा मुफ्ती, पीडीपी के लोगों ने तिरंगे के विषय में क्या-क्या कहा है कि खून की नदियां बहेंगी, कोई कंधा नहीं देगा तिरंगे को।”

पहली बार लाल चौक पर तिरंगा BJP ने फहराया: उन्होंने आगे कहा, “25 जुलाई 2022 को लाल चौक पर पहली बार तिरंगा फहराने का काम पहली बार हमारी पार्टी ने किया। इतने सालों में वहां कोई तिरंगा फहरा नहीं पाया और ये कहते हैं कि ये तिरंगे का बड़ा सम्मान करते हैं।” जिस पर कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे ने जवाब देते हुए कहा कि संबित पात्रा कम से काम आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर झूठ न बोलें। उन्होंने अपने मोबाइल में दिखाते हुए कहा कि आजतक की पुरानी रिपोर्ट के मुताबिक 1948 में लाल चौक पर पंडित नेहरू ने झंडा फहराया था।

कांग्रेस प्रवक्ता की बात का जवाब देते हुए संबित पात्रा ने कहा, “हर चीज पंडित नेहरू ने की है। मैं हाथ जोड़ता हूं, कोई आरती की थाली लाओ, मैं आरती उतारुंगा पंडित नेहरू की।”

वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की डीपी बदलने के एक दिन बाद कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अपने ट्विटर अकाउंट की डीपी बदल दी थी। इस तस्वीर में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू हाथ में तिरंगा थामे दिखाई दे रहे हैं। वहीं उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पंडित नेहरू की तस्वीर ट्विटर अकाउंट के प्रोफाइल फोटो के तौर पर लगाई है।