अपने तीखे बयानों के लिए चर्चित बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को बिहार के कटिहार में कहा कि एनआरसी न केवल असम, बल्कि बिहार और पश्चिम बंगाल में भी हर हाल में लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं जो बाहरी लोगों, घुसपैठियों आदि को आश्रय देता रहे। उन्होंने साफ किया कि वह बिहार के मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं है। अगले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री पद के चेहरा होंगे। कहा, ‘अयोध्या में राम मंदिर स्थापना का तो मेरा काम पूरा हो गया। मेरे जैसे लोगों का अब राजनीति से बाहर हो जाने का वक्त आ गया है।”
देश की बढ़ती आबादी से संकट : उन्होंने कहा कि देश की आबादी बहुत तेजी से बढ़ रही है। इससे देश पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में एनआरसी कानून फौरन लागू होना चाहिए, साथ ही जनसंख्या नियंत्रण कानून भी बनना चाहिए। जिस दिन यह कानून आ गया वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा कि 1971 में पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ने भी जनसंख्या को विस्फोटक बताया था, लेकिन कुछ करने की हिम्मत नहीं जुटा पाईं। अगर हिम्मत जुटातीं तो शायद आज न तो एनआरसी की बात आती और न ही जनसंख्या में इतनी वृद्धि होती।
Hindi News Today, 17 November 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कहा-कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोलना बंद करे : केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोलती है। कहा कि कश्मीर की समस्या के हल के बाद देश में एक राष्ट्र, एक विचार, एक निशान और एक झंडा भारतीयता को स्पष्ट करता है। पूरा कश्मीर हमारा है। गिरीराज ने कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोलना बंद करे। उन्होंने कहा कि राफेल मुद्दे पर देश की जनता के बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस को नकार दिया है।
मोदी के नेतृत्व में दुनिया में हुआ भारत का नाम : कहा कि वह राजनीति में अयोध्या में राम मंदिर और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 खत्म करने को लेकर आए थे। दोनों काम पूरा हो गया है। अब जनसंख्या नियंत्रण कानू अपने देश में लागू हो जाए, यही हमारी अंतिम इच्छा है। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह काम भी पूरा होगा। कहा कि आज दुनिया में भारत की एक अलग पहचान बनी है। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ने कई मुद्दों पर भारत के मत को अंतरराष्ट्रीय मत के रूप में स्वीकार करने के लिए बाध्य किया है। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी देश को सही दिशा की ओर ले जा रही है।