Priyanka Gandhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को ग्वालियर में जन आक्रोश रैली को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने अपने भाषण में मुख्य रूप से मणिपुर हिंसा और महंगाई को लेकर मोदी सरकार को घेरा। प्रियंका गांधी ने कहा कि मणिपुर दो महीनों से जल रहा है, घरों में आग लगाई जा रही है, महिला के साथ अत्याचार हो रहा है, बच्चों के सिर पर छत नहीं रही और हमारे पीएम मोदी ने 77 दिन तक कोई बयान ही नहीं दिया। कल उन्हें मजबूरी में बोलना पड़ा, क्योंकि एक भयावह वीडियो वायरल हुआ। उस बयान में भी उन्होंने राजनीति घोल दी। उन्होंने अपने बयान में विपक्ष के राज्य के नाम भी ले लिया।
प्रियंका ने कहा कि दादी इंदिरा गांधी ने रानी लक्ष्मीबाई और महिलाओं की बहादुरी की कहानियां सुनाती थीं। क्या हमारी राजनीति आज केवल आरोप-प्रत्यारोप में फंस गई थी। क्या हम उससे ऊपर उठ सकते हैं। क्या हम जनता की बातें कर सकते हैं। स्वतंत्रता आंदोलन से भारतीय लोकतंत्र की नींव डली थी। वो सत्याग्रह था। वो सत्य की लड़ाई थी। हमारे देश की परंपरा रही है कि हम नेताओं में सभ्यता, सरलता, सादगी और सच्चाई ढूंढते हैं।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मैं यहां किसी की बुराई करने या जनता का ध्यान भटकाने नहीं आई हूं। महंगाई के मुद्दे पर बात करने आई हूं। महंगाई हर आदमी के जीवन में बोझ बन गई है। लोग किस तरह गुजारा कर रहे हैं, मैं समझ नहीं पा रही हूं। गैस सिलेंडर में गैस भरना मुश्किल हो गया है। दवाई कहां से लाऊं, ये सोचना पड़ता है। नेताओं को बताना पडे़गा कि महंगाई क्यों हैं? प्रियंका ने कहा कि पूरी संपत्ति एक या दो ही व्यापारियों के पास क्यों है? प्रियंका ने कहा कि प्रदेश में पटवारी घोटाल हुआ। चुनाव के पहले स्कीम बनाने का क्या फायदा। 18 साल से आप सरकार में हैं। तब तो आपने कुछ दिया नहीं। प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। इस सरकार ने महाकाल की मूर्तियों में भी घोटाला किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि नेता की सोच होती है कि सत्ता में वही रहेंगे। काम करने की क्या जरूरत है। जब वक्त आएगा तो कोई और बात कर लेंगे। जनता महंगाई का मुद्दा भूल जाएगी। गांधी ने कहा कि सत्ता को गलत इंसानों के हाथ में देंगे तो लूट मचेगी, जैसे आज मध्य प्रदेश में मच रही है। उन्होंने कहा कि मंहगाई से समाच में तनाव बढ़ता है तो अत्याचार होता है। आदिवासियों के साथ किस तरह हरकत हो रही हैं। हर रोज रेप, हत्या की खबरें आ रही हैं। अब वक्त आ गया है कि आप अपने भविष्य का फैसला खुद करें। जानिए प्रियंका गांधी के भाषण की बड़ी बातें-
- मैं यहां आपका ध्यान भटकाने नहीं आई हूं। मैं मुद्दों की बात करने आई हूं। आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। मैं भी चाहूं तो 30 मिनट के भाषण में 10 मिनट मोदी जी की आलोचना कर सकती हूं, 10 मिनट शिवराज जी के घोटालों पर बात कर सकती हूं और 10 मिनट सिंधिया जी की विचारधारा पलटने पर बोल सकती हूं, लेकिन मैं मुद्दों की बात करने आई हूं।
- पिछले 2 महीने से मणिपुर जल रहा है। घरों में आग लगाई जा रही है। महिलाओं के साथ भयावह अत्याचार हो रहा है। लेकिन PM मोदी ने 77 दिनों तक इस बारे में एक शब्द भी नहीं बोला। महिलाओं के साथ हो रही अमानवीय घटनाओं का वीडियो सामने आने के बाद PM मोदी ने मजबूरी में एक वाक्य बोला और उसमें भी उन्होंने राजनीति घोल दी।
- प्रियंका गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी, घोटालों और पटवारी भर्ती में कथित धांधली का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस उद्योगपतियों को सारी संपत्ति सौंप दी है, वह एक दिन में 16 सौ करोड़ रुपये कमा रहा है। वहीं हमारा किसान एक दिन में 27 रुपये भी नहीं कमा पा रहा है।
- प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में हुंकार भरी। ग्वालियर में कांग्रेस ने सीधे-सीधे सिंधिया परिवार को टारगेट किया। ग्वालियर में लगे कांग्रेस के पोस्टर में लिखा है,’वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई लड़ी थी गोरों से, प्रियंका दीदी अब लड़ना है चोरों से।’
- कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने मध्य प्रदेश को झूठ की राजधानी बना दिया है, नौजवानों को झूठ बोला, आदिवासियों को झूठ बोला, मां नर्मदा को झूठ बोला, हमारे आदिवासियों को झूठ बोला। मैं पूछना चाहता हूं कि किसको इन्होंने झूठ नहीं बोला। शिवराज सिंह झूठ की मशीन हैं, घोषणाओं की मशीन हैं, घोटालों की मशीन हैं। चुनाव में चार महीने बचे हैं ये मशीन अब डबल स्पीड से चल रही है।
- प्रियंका गांधी की की मध्य प्रदेश में 40 दिन में यह दूसरी यात्रा थी। यहां इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। खास बात यह है कि प्रियंका गांधी को ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही कांग्रेस महासचिव बनाया गया था। दोनों को 2019 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन सिंधिया मार्च 2020 में बीजेपी में शामिल हो गए थे, लेकिन आज उन्होंने सिंधिया के गढ़ में हुंकार भरी।
- इससे पहले प्रियंका गांधी ने 12 जून को जबलपुर में एक रैली को संबोधित करके राज्य में कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया था कि अगर राज्य में कांग्रेस सत्ता में आई, तो पार्टी 5 गारंटी लागू करेगी।
- उन्हीं पांच गारंटी की प्रियंका गांधी ने आज फिर से ग्वालियर की धरती से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 15000 रुपये की आर्थिक मदद, 100 यूनिट फ्री बिजली और पुरानी पेंशन योजना की बहाली शामिल है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां पुरानी पेंशन योजना लागू है।
- मध्य प्रदेश में नवंबर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने 114 और बीजेपी ने 109 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस ने सपा-बसपा और निर्दलीयों के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। हालांकि, मार्च 2020 में सिंधिया बागी विधायकों के साथ बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसके बाद कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार 15 महीने में गिर गई थी।
- शिवराज सिंह चौहान दोबारा सत्ता में लौटे। मध्यप्रदेश में अभी बीजेपी की 127 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस की 96 सीटें हैं।