दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली में 8 फरवरी को हुए मतदान के बाद भाजपा को 48 सीटें मिलने की गारंटी वाला एक ट्वीट किया था। संख्या बताते हुए उन्होंने यह भी लिखा था कि इस ट्वीट को संभाल कर रखिए। इस ट्वीट के पीछे की वजह उनका आत्मविश्वास या कोई आंकलन नहीं था। उन्होंने यह ट्वीट एक खास मकसद से किया था। इंडियन एक्सप्रेस के आइडिया एक्स्चेंज कार्यक्रम में उन्होंने पहली बार इसकी वजह बताई।
तिवारी ने बताया कि मतदान के बाद एग्जिट पोल के नतीजे सारे टीवी चैनलों पर आ गए। ऐसे में बतौर सेनापति (प्रदेश अध्यक्ष), सिपाहियों (भाजपा कार्यकर्ताओं) का मनोबल बनाए रखने के लिए उन्होंने वह ट्वीट किया। उन्होंने बताया कि मतगणना के दिन भी काफी कार्यकर्ताओं की जरूरत पड़ती है। ऐसे में उनका मनोबल नहीं टूटने देना बतौर सेनापति उनका फर्ज था।
हालांकि, तिवारी ने कहा कि वैसे भाजपा को आठ फीसदी ज्यादा वोट मिले हैं और 29 सीटें ऐसी हैं जहां दस हजार से भी कम वोट के मार्जिन से परिणाम आए हैं। ऐसे में उनके ट्वीट के आसपास परिणाम आ भी सकते थे। परिणाम आने के बाद तिवारी को उस ट्वीट के लिए काफी ट्रोल भी किया गया था।
ये सभी एग्ज़िट पोल होंगे fail..
मेरी ये ट्वीट सम्भाल के रखियेगा..
भाजपा दिल्ली में ४८ सीट ले कर सरकार बनायेगी .. कृपया EVM को दोष देने का अभी से बहाना ना ढूँढे..— Manoj Tiwari (@ManojTiwariMP) February 8, 2020
बता दें कि सारे एग्जिट पोल में भाजपा की हार बताई गई थी। एग्जिट पोल में बीजेपी को अधिकतम 25 सीटें जीतते दिखाया गया था। वैसे, 11 तारीख को मतगणना के बाद बीजेपी को आठ सीटें मिलीं। यह माई एक्सिस-इंडिया टुडे एग्जिट पोल के नतीजों के नजदीक था।