मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में पहली महिला रक्षा मंत्री को नियुक्त किया। सोशल मीडिया यूजर्स ने भाजपा अध्यक्ष के इस बयान पर जमकर प्रतिक्रिया दी और याद दिलाते हुए कहा कि इंदिरा गांधी पहली वूमेन डिफेंस मिनिस्टर थीं।
दरअसल शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा में मणिपुर की राजधानी इम्फाल में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भाजपा महिलाओं को आगे लाकर खड़ा करती है। भारत की पहली महिला रक्षा मंत्री, पहली महिला शिक्षा मंत्री, पहली महिला विदेश मंत्री और पहली महिला वित्त मंत्री सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्त किया। इसके अलावा आज 12 केंद्रीय मंत्री महिलाएं हैं।
भाजपा अध्यक्ष के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर जमकर रिएक्शन आने लगे। ट्विटर यूजर @Virende87550731 ने भाजपा अध्यक्ष को याद दिलाते हुए कहा कि पहली महिला रक्षा मंत्री इंदिरा गांधी थी। वहीं उत्सव माथुर नाम के एक यूजर ने लिखा कि भारत की पहली महिला वित्त मंत्री इंदिरा गांधी थी और वो भी 60 के दशक में। इसके अलावा एक यूजर ने यह भी लिखा कि कांग्रेस ने देश को पहली महिला प्रधानमंत्री दी।
बता दें कि इंदिरा गांधी ने साल 1975 में प्रधानमंत्री रहते हुए रक्षा मंत्रालय का कार्यभार भी देखा था। इसके बाद इंदिरा गांधी ने 16 जनवरी 1980 से 15 जनवरी 1982 तक भी रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। वहीं इंदिरा गांधी ने बतौर प्रधानमंत्री रहते हुए अपने पहले कार्यकाल के दौरान 1969 में वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी। इंदिरा गांधी ने पहली बार 1970 में बतौर वित्त मंत्री आम बजट भी पेश किया था।
मणिपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत मणिपुर में 8 करोड़ गैस कनेक्शन दिए गए जिसमें से 1.56 लाख इंफाल में दिए। पहले महिलाएं पेड़ काटकर लकड़ी इकट्ठा करती थीं उसके बाद घर में आकर चूल्हा जलाती थी, उसके बाद भोजन कराती थी। आज इस सुविधा के बाद वह बस लाईटर जलाकर सारे काम कर लेती हैं।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि मणिपुर में मातृ शक्ति का सामाजिक और आर्थिक योगदान बहुत गहरा है। यहां का ईमा मार्केट सिर्फ महिलाओं द्वारा चलाया जाता है। महिला सशक्तिकरण का दूसरा नाम मणिपुर है। कॉमनवेल्थ और ओलंपिक खेलों में मणिपुर के खिलाड़ी मेडल्स की झड़ी लगाते हैं।