मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता में इजाफा करते हुए भाजपा ने बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विधानसभा (एसटी) उपचुनाव में गुरुवार को 13,182 मतों के पर्याप्त अंतर से जीत हासिल की है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि घोड़ाडोंगरी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के मंगल सिंह धुर्वे ने कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व मंत्री प्रताप सिंह उईके को 13,182 मतों के अंतर से पराजित किया।
धुर्वे ने 82,304 मत और उईके ने 69,122 मत हासिल किए। भाजपा ने 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से 8,084 मतों से जीत हासिल की थी। इस प्रकार भाजपा ने उपचुनाव में अपनी जीत के अंतर को और अधिक किया है। भाजपा विधायक सज्जन सिंह उईके के निधन के कारण यहां उपचुनाव कराना पड़ा।
इस उपचुनाव में कुल सात उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच था। उपचुनाव में 30 मई को हुए मतदान में क्षेत्र के 74.48 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस उपचुनाव में भाजपा की ओर से प्रचार की कमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथ में थी और चौहान पार्टी के मुख्य प्रचारक की भूमिका में भी थे। इसके अलावा केंद्रीय इस्पात व खान मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने भी क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में प्रचार किया था। घोड़ाडोंगरी उपचुनाव के परिणाम भाजपा के पक्ष में आने पर खुशी जाहिर करते हुए चौहान ने ट्वीट पर कहा कि लोगों के स्नेह से अभिभूत हूं, जो मुझे प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर काम करने की ऊर्जा देता है। हर चेहरे पर मुस्कान मेरा लक्ष्य है।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि चुनावी विजय पार्टी के सिद्धांतों व केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों में लोगों के अटूट विश्वास का प्रतीक है। यही हमारी शक्ति है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उपचुनाव में भाजपा की जीत हासिल करने पर मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और भाजपा कार्यकर्ताओं को ट्विटर पर बधाई दी। उपचुनाव में कांग्रेस ने भी जोरदार ढंग से चुनाव प्रचार किया था। कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ चुनाव प्रचार में शामिल हुए थे। हालांकि इसका कोई परिणाम हासिल नहीं हुआ।