BJP Attacks Rahul Gandhi: अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में भारतीय लोकतंत्र, प्रेस की आजादी और मुस्लिम लीग पर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार अज्ञानता में ऐसे बयान देते हैं। उनको इतिहास की किताबें पढ़नी चाहिए। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने राहुल गांधी के मुस्लिम लीग को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि मुस्लिम लीग को धर्मनिरपेक्ष कहना यह ज्यादा खतरनाक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यह कहकर बंटवारे का बीजारोपण कर रहे हैं। कांग्रेस व राहुल गांधी के रूह में जिन्ना रहता है। आज पूरी दुनिया हिंदुस्तान और उसके नेतृत्व की तारीफ कर रहा है, लेकिन राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की आलोचना करते हैं।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद है। विदेशी धरती पर इस प्रकार की बयानबाज़ी करना देश बिल्कुल स्वीकार नहीं करेगा। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘2024 के चुनाव सामने हैं। राहुल गांधी जो कुछ भी कहना चाहते हैं। उन्हें यहां जनता के बीच आकर बोलना चाहिए। वह विदेशी धरती पर देश का अपमान क्यों कर रहे हैं? उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।’
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
वाशिंगटन डीसी में राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र, प्रेस की आजादी और मुस्लिम लीग समेत कई मुद्दों पर मीडिया से बात की। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत में प्रेस की स्वतंत्रता कमजोर होती जा रही है जो किसी से छिपी नहीं है और यह बात सभी जानते हैं। भारत में संस्थानों पर निश्चित रूप से कब्जा है। मुझे लगता है कि लोकतंत्र के लिए प्रेस की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है और आलोचना को सुनना चाहिए। यह सिर्फ प्रेस की आजादी नहीं है, यह हर तरफ हो रहा है। संस्थागत ढांचे पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
राहुल गांधी ने मीडिया से कहा कि आपको यह सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करना चाहिए। मुझे नहीं पता कि आप यह कैसे करेंगे, लेकिन आपको पूछना चाहिए। मैं सवाल उठाता हूं इसलिए आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत के पास बहुत मजबूत व्यवस्थाएं हैं, जो पहले से मौजूद हैं, वह व्यवस्था कमजोर हो चुकी हैं। अगर लोकतांत्रिक व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाए तो ये मसले अपने आप सुलझ जाएंगे। आपके पास संस्था का एक स्वतंत्र समूह होना चाहिए जो दबाव और नियंत्रण में न हो। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वह संस्था है, जिसने संस्थानों की अवधारणा की।
‘मुस्लिम लीग सेक्युलर पार्टी’
राहुल गांधी से जब केरल में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के साथ कांग्रेस के गठबंधन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मुस्लिम लीग पूरी तरह से सेक्युलर पार्टी है, मुस्लिम लीग के बारे में कुछ भी गैर-धर्मनिरपेक्ष नहीं है।’