कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली में एक बड़ी रैली का आयोजन किया। इस रैली का नाम ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ था और इसे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी संबोधित किया। रैली में राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा और वोट चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद बीजेपी ने पलटवार किया। बीजेपी ने पलटवार करते हुए नेहरू परिवार की तुलना बाबर के वंश से की।
‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के लगे हैं नारे
भाजपा ने आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का वही हश्र होगा जो मुगल साम्राज्य का उसके छठे सम्राट औरंगजेब के शासनकाल में हुआ था, यानी पार्टी इतिहास के पन्नों में दफन हो जाएगी। बीजेपी ने निशाना तब साधा जब सोशल मीडिया पर कई वीडियो में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर रामलीला मैदान में विपक्षी पार्टी की रैली में जाते समय ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के नारे लगाते हुए सुना गया।
नारेबाजी की निंदा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “एक बार फिर कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी जी की मौत की कामना कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस, मुस्लिम लीग-माओवादी एजेंडे के तहत काम करते हुए, अराजकता का मंच बनती जा रही है। कांग्रेस ने कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यहां तक कि उनकी मां को भी अपशब्द कहे, लेकिन जब पार्टी मोदी के लिए ‘कब्र खोदने की आकांक्षा’ रखती है तो उसका भविष्य स्पष्ट हो जाता है।
बीजेपी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला रिएक्शन
मुगल साम्राज्य से बीजेपी ने की कांग्रेस की तुलना
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य शायद वही होगा जो ‘द लास्ट मुगल’ नामक पुस्तक में मुगल साम्राज्य के बारे में लिखा गया है। मुगल साम्राज्य में छह शासकों ने शासन किया जिसमे बाबर, हुमायूं, अकबर, जहांगीर, शाहजहां और औरगजेब शामिल थे। और छठी पीढ़ी के शासन के बाद मुगल साम्राज्य का अंत हो गया।”
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इसी तरह कांग्रेस पर भी नेहरू परिवार के छह सदस्यों (मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी) का शासन रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छठे सदस्य हैं जो वर्तमान में सत्ता का आनंद ले रहे हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इसके बाद कांग्रेस का भी वही हश्र होगा जो मुगलों का हुआ था। वे लगातार ऐसी बातें कह रहे हैं जिनसे ऐसी परिस्थितियां पैदा हो रही हैं जो उन्हें इतिहास के पन्नों में दफन कर देंगी।
