भाजपा ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी ने सूबे में फतह हासिल करने के लिए अपने उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को काम पर लगाया है। पार्टी ने उन्हें जम्मू-कश्मीर का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।

राज्य में जल्द ही विधानसभा चुनाव घोषणा होने की उम्मीद की जा रही है। पार्टी ने इसके लिए बूथ लेवल तक का प्लान तैयार किया है। अविनाश राय खन्ना के पास जम्मू-कश्मीर के पार्टी संगठन की भी जिम्मेदारी है। पार्टी के निर्णय के बारे में घोषणा करते हुए भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि पार्टी राज्य में अपने सदस्य बढ़ाने पर काम करेगी। इसके लिए हर बूथ पर सदस्य बनाए जाएंगे।

भाजपा की तरफ से यह घोषणा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की राज्य के नेताओं के साथ हुई कोर ग्रुप बैठक के एक दिन बाद की गई। इस बैठक में सूबे के नेताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारियां करने को कहा गया। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की।

इसमें पार्टी के महासचिव व जम्मू कश्मीर के प्रभारी राम माधव, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह व राज्य भाजपा इकाई के प्रमुख रविंद्र रैना भी मौजूद थे। भाजपा नेताओं ने यह संकेत दिया कि पार्टी पिछली बार निकाय चुनावों में मिली बढ़त का प्रयोग राज्य में ‘स्थिरता’ लाने में करेगी। मालूम हो कि भाजपा घाटी में बड़ा दल बनने की कोशिश में जुटा हुआ है। अभी तक पार्टी को इसमें सफलता नहीं मिली है।

अमरनाथ यात्रा पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग राज्य में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि राज्य में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव आयोजित कराए जा सकते हैं। कोर ग्रुप की बैठक के बाद अरुण सिंह ने आतंकवाद के खिलाफ मोदी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ की प्रशंसा की।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इलाके में विकास कार्य जारी रहेंगे। सिंह ने कहा कि भाजपा ने राज्य में सदस्यता का दूसरा चरण शुरू किया है। इसमें पार्टी 2.37 लाख से अधिक नए सदस्य बना चुकी है। पार्टी ने अपने 5000 सक्रिय सदस्यों को संगठन के काम में लगाने का फैसला किया है।