राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजप्रताप यादव ने राज्य के मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर विवादित बयान दिया है। एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान तेजप्रताप यादव ने भीड़ से विवादित नारे लगवाए। एक जनसभा में उन्होंने लोगों से पूछा कि 2020 में किसका वध होगा ? इस पर भीड़ से आवाज आई ‘नीतीश का’। न्यूज एजेंसी एएनआई के ट्विटर से वीडियो शेयर किया गया है।

वैशाली जिले के राजापाकर में वह एक महायज्ञ में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पहले शंख और फिर बांसुरी बजाई। इस दौरान उन्होंने जदयू प्रमुख नीतीश कुमार का नाम लिए बिना उनकी तुलना कंस से की। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों से पूछा कि 2020 में किसका वध होगा? लोगों ने नीतीश कुमार का नाम लिया। इसके बाद तेज प्रताप ने कहा कि यह मुझे बोलने की जरूरत नहीं है। आप लोग अच्छे से जानते हैं कि बिहार किस दौर से गुजर रहा है। हम बिहार को बचाने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।

पीएम मोदी पर भी साधा था निशाना: इससे पहले तेजप्रताप ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा था। पीएम मोदी दिल्ली में हुनर  हाट घूमने गए इस दौरान उन्होंने लिट्टी-चोखा खाते हुए अपनी तस्वीर साझा की थी। इस पर तेज प्रताप ने उनपर निशाना साधा था। बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप ने लिखा, “कतनो खईबऽ लिट्टी चोखा, बिहार ना भुली राउर धोखा..!”

बता दें कि  तेजप्रताप यादव अक्सर अपनी भक्ति और धार्मिक गेटअप के लिए चर्चा में रहते हैं। वह शिव भक्ति को लेकर भी काफी सुर्खियों में रहते हैं। सावन के पहले सोमवार पर उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम एकाउंट पर लिखा था ”शिव सत्य है, शिव अनंत है, शिव अनादि है, शिव भगवंत है, शिव ओंकार है, शिव ब्रह्म है, शिव शक्ति है, शिव भक्ति है, आओ भगवान शिव का नमन करें, उनका आशीर्वाद हम सब पर बना रहे।