बिहार में 243 विधानसभा सीट के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार सुबह मतगणना शुरू हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दो चरणों में हुए चुनाव के लिए मतों की गिनती सुबह आठ बजे 46 केंद्रों पर शुरू हुई। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू हुई और ईवीएम की गिनती सुबह साढ़े आठ बजे शुरू हुई। वोटिंग के बाद आए एग्जिट पोल के आंकड़ों और मतगणना के शुरुआती रुझान के बाद बीजेपी मुख्यालय में जश्न का माहौल है।
दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय राज्य के व्यंजनों के साथ जीत का जश्न मनाने की तैयारी में जुट गया है। एक स्थानीय हलवाई ने एएनआई को बताया, “हमारे पास व्यवस्था है। मिठाई में जलेबी, मुख्य भोजन में सत्तू पराठा और बैंगन चोखा होगा। लिट्टी चोखा भी बनाया जा सकता है।” मोकामा में राजद नेता वीणा देवी के आवास पर लिट्टी चोखा, रसगुल्ला और अन्य चीजें तैयार की जा रही हैं। वीणा देवी ने मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू के अनंत कुमार सिंह और जन सुराज के प्रियदर्शी पीयूष के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
जनता के चेहरों से साफ़ था कि एनडीए को जनादेश मिल रहा- दिलीप जायसवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, “जनता के चेहरों से साफ़ था कि इस बार एनडीए को जनादेश मिल रहा है। एनडीए फिर से सरकार बनाने जा रही है। एनडीए के नेताओं ने बहुत मेहनत की है, चाहे वो नीतीश कुमार हों, चिराग पासवान हों, जीतन राम मांझी हों, उपेंद्र कुशवाहा हों, पीएम मोदी हों, जेपी नड्डा हों, गृह मंत्री अमित शाह हों या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हों। हमने नीतीश कुमार के चेहरे पर “2025, फिर से नीतीश” के नारे के साथ चुनाव लड़ा।”
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने बिहार चुनाव मतगणना पर कहा, “भाजपा के दफ्तर में ढोल बजेंगे, मिठाई बटेगी, विपक्ष दफ्तरों पर ताले लगेंगे। जब तक राहुल गांधी विदेश में उठेंगे तब तक NDA की जीत यहां हो चुकी होगी। बिहार की जनता को आज जंगलराज को नहीं जनकल्याण को जीताना है। बिहार की जनता को आज गुंडाराज पर ताला लगाना है। बिहार में कांग्रेस और RJD की हार तय है।”
