बिहार में विकास और बदलाव का वादा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के लोगों को लालू प्रसाद के ‘जंगलराज’ और नीतीश कुमार के ‘जंतर मंतर’ से सावधान किया और कहा कि दोनों मिलकर राज्य को अंधकार में ले जायेंगे।  बिहार में अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘बिहार ने जंगलराज के दंश को झेला है…जंगलराज का अब जुड़वा भाई आ गया है और वह है ‘जंतर मंतर’। जंगलराज और जंतर मंतर को नहीं आने दीजिए, अन्यथा यह गठजोड़ बिहार और राज्य के लोगों को अंधकार में ले जायेगा।’’

मोदी ने यहां चुनावी रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश हौसला खो चुके हैं और उनका लोकतंत्र पर भरोसा नहीं रह गया है और इसलिए वह ‘जंतर मंतर’ का सहारा ले रहे हैं, जबकि राज्य को केवल एक चीज ही आगे ले जा सकती है और वह है विकास।

मतदाताओं को उन्होंने चेताया कि अगर महागठबंधन को आने दिया तो राज्य में अंधकार फैल जायेगा। मैथिली में लोगों को शुभकामना देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस पवित्र भूमि पर सिर झुकाते हैं। उन्होंने प्रदेश के युवाओं एवं महिलाओं की सराहना की और कहा कि नये बिहार की उम्मीदें उन्हीं पर टिकी हुई हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस भूमि से बेहद स्नेह करते हैं। राज्य के लोगों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के लोग बुद्धिमान, नवोन्मेषी, परिश्रमी और काम के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा राज्य की तस्वीर बदलेंगे।

नीतीश कुमार पर प्रहार जारी रखते हुए मोदी ने कहा, ‘‘जिन लोगों ने जनता का समर्थन खो दिया है अब वे ‘जंतर मंतर’ का सहारा ले रहे हैं। नीतीश बाबू ने समझ लिया है कि वे हार चुके हैं और उनके लिए बचना मुश्किल है, इसलिए अंतिम उपाए के रूप में बाबाओं के पास जा रहे हैं। इन्होंने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है। इनका लोकतंत्र में भरोसा नहीं रह गया है और जंतर मंतर कर रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री की ओर बिहार के मुख्यमंत्री पर यह चुटकी हाल में नीतीश के एक तांत्रिक के पास जाने से संबंधित वीडियो सामने आने की घटना पर आई है। राज्य के लोगों से भाजपा नीत राजग को सत्ता में लाने की अपील करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘हमें लोकतंत्र की ताकत की बदौलत बिहार को आगे ले जाना है, न कि 18वीं सदी की मंत्र तंत्र की सोच की ओर।’’

नीतीश, लालू और कांग्रेस पर पिछले 60 वर्षो में बिहार को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि बिहार को उनकी मुश्किलों से उबारने के लिए दो इंजनों की जरूरत है। ‘‘एक इंजन केंद्र सरकार है और दूसरा इंजन बिहार में राजग सरकार बनेगा और दोनों मिलकर राज्य को तीव्र विकास और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ायेंगे।’’

चुनावी रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर मोदी ने कहा, ‘‘हमारी रैलियों में लोकसभा चुनाव की तुलना में अधिक महिलाएं आ रही हैं। हवा का रुख स्पष्ट है।’’

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘बिहार में माहौल संकेत दे रहा है कि लोग बदलाव चाहते हैं। लोगों को राजग में उम्मीद की किरण नजर आती है।’’ मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र में काफी महिलाएं अभी भी लिख नहीं पाती है और इसके लिए उन्होंने सोनिया गांधी की कांग्रेस, लालू और नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इस बड़ी आबादी की आवाज नहीं सुनी गई और आश्वस्त किया कि राज्य में राजग के सत्ता में आने पर उनकी शिकायतें दूर की जायेंगी।

उन्होंने कहा कि उन्हें इस क्षेत्र की महिलाओं का एक ज्ञापन मिला जिस पर अंगूठे का निशान लगाया गया था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ज्ञान के लिए नालंदा की भूमि के रुख में विख्यात राज्य के इस क्षेत्र में महिलाएं अशिक्षित हैं।

मोदी ने कहा कि मैडम सोनियाजी की पार्टी ने राज्य पर 35 वर्षो तक शासन किया। लालू और नीतीश ने 25 वर्षो तक शासन किया। उन्होंने सवाल किया कि आपने महिलाओं को क्या दिया… यह सबूत आपके सामने हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की स्थिति तभी बदलेगी जब प्रदेश में सरकार बदलेगी।

मोदी ने कहा कि इन्होंने बिहार को पिछड़ेपन के गर्त में धकेला है। मैं दो इंजनों के सहारे समस्याओं को दूर करूंगा। आपका एक इंजन दिल्ली में और दूसरा पटना में होगा और राज्य को गरीबी से निकालेगा।

पर्यटन की दृष्टि से बिहार की संभावनाओं का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि बुद्ध, रामायण, महात्मा गांधी, पटना साहिब, जैन सर्किट को ध्यान में रखें तो बिहार में पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने स्वच्छ गंगा अभियान और घाटों की साफ सफाई का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने कोशी के कारण आने वाली बाढ़ की विभीषिका का भी जिक्र किया और कहा कि कोशी बाढ़ के समय वह लोगों की मदद को उत्सुक थे लेकिन कुछ लोगों के अहंकार के कारण ऐसा करने से रोका गया। मोदी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता की भी सराहना की।

लगातार ब्रेकिंग न्‍यूज, अपडेट्स, एनालिसिस, ब्‍लॉग पढ़ने के लिए आप हमारा फेसबुक पेज लाइक करेंगूगल प्लस पर हमसे जुड़ें  और ट्विटर पर भी हमें फॉलो करें