Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले आज बिहार विधानमंडल का आखिरी दिन था और आज भी दोनों ही सदनों में काफी हंगामा हुआ। वहीं विधान परिषद की नेता विपक्ष राबड़ी देवी ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला और यह तक कह दिया कि वे लड़की छेड़ते थे। इतना ही नहीं, राबड़ी देवी ने सम्राट चौधरी को गुंडा तक कह दिया। सीएम नीतीश कुमार के साथ आज एक बार फिर राबड़ी देवी की बहसबाजी भी हो गई।
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने कहा, “सम्राट चौधरी को हम बच्चा से देखें हैं गुंडाई करता है। हम लोग उसको बच्चे से देखें हैं लड़की को छेड़त थे बोरिंग रोड में, ऊ का दूसरा को गुंडा कहता है वो खुद गुंडई करता है।” बता दें कि मीडिया वालों ने सम्राट चौधरी के बयान को लेकर सवाल उठाए थे।
क्या बोले थे सम्राट चौधरी
बता दें कि सदन के चौथे दिन सदन में सम्राट चौधरी ने कहा था कि जिसका बाप अपराधी वो क्या बोलेगा। इसी को लेकर राबड़ी देवी ने बड़ा बयान दिया। वहीं बिहार की नीतीश सरकार ने 70,877 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के उपयोगिता प्रमाण पत्र कैग को प्रस्तुत नहीं किए हैं जिसको लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार खाली घोटाला कर रहा है, घोटाला पर घोटाला हो रहा है। 2014 में आया तब से घोटाला ही हो रहा है।
तेजस्वी यादव की जान को खतरे का उठाया मुद्दा
इससे पहले राबड़ी देवी ने दावा किया था कि उनके बेटे और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव को मारने की साजिश की जा रही है, और उनकी जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि उन पर चार बार जानलेवा हमला हो चुका है। वहीं वोटर लिस्ट रिवीजन के मुद्दे पर भी विधानसभा में काफी हंगामा हुआ सीएम नीतीश कुमार ने आरजेडी और कांग्रेस के हंगामे को लेकर आक्रोश जाहिर किया। इस पर सीएम ने कहा है कि सब पूरा घाय-घायल है। उनके काले कपड़े पहनकर सदन में आने पर सीएम ने आपत्ति जताई।
सचिवालय पर लग गया ताला… धनखड़ के साथ काम कर रहे अफसरों का क्या हुआ
राबड़ी नीतीश में हुई बहस
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सभी विपक्षी दलों के सदस्यों ने काले कपड़े पहने हैं। पहले ये कभी नहीं पहनते थे। उन्होंने राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनके पकहने पर ही सभी ने ऐसे कपड़े पहने हैं। इस पर राबड़ी देवी ने भी नीतीश कुमार पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता जवाब चाहिए। इसके बाद सीएम ने कहा कि जब सुनना चाहिए, तब सुनते नहीं हैं। एक एक बात सुनें और अपनी बात रखें। फिर इसके बाद भी जब बवाल खत्म नहीं हुआ तो सभापति ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
विजय सिन्हा ने किया राबड़ी देवी पर पलटवार
वहीं तेजस्वी यादव पर कथित हमले को लेकर राबड़ी देवी के बयान पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जिन्हें लगता है कि वे सुरक्षित नहीं हैं, उन्हें लिखित में देना चाहिए, हालांकि उनके पास पूरी सुरक्षा है। उनके पास दो पूर्व मुख्यमंत्रियों जैसी सुविधाएं हैं और फिर भी वे डरे हुए हैं। पूरा बिहार उनके अपने लोगों से डरा हुआ है। डरने की कोई ज़रूरत नहीं है, सरकार पूरी सुरक्षा मुहैया कराएगी।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर राबड़ी देवी के बयान पर उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के बोलना ठीक नहीं है। यह संवैधानिक व्यवस्था को नष्ट करने की कोशिश है। उन्हें बिहार और उसके लोगों को बदनाम करना बंद करना चाहिए। बिहार में एसआईआर मुद्दे पर विपक्ष के विरोध पर उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही रोकना ठीक नहीं है। ऐसे लोग लोकतंत्र के शुभचिंतक नहीं हैं, वे ‘लाठीतंत्र’ स्थापित करना चाहते हैं, लेकिन एनडीए ऐसा नहीं होने देगा।