बिहार से बीजेपी सांसद के सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के घर से एक मेंबर इस बार के विधानसभा चुनाव में भाग लेगा। ये सदस्य कोई और नहीं बल्कि उनकी पत्नी पूनम सिन्हा होंगी, जो कि इस बार के चुनाव में महिला सीट से खड़ी होंगी।
सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी से पता चला है कि पूनम ने चुनाव में हाथ आजमाने की पूरी तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि वे पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र की किसी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी। पूनम के विधानसभा चुनाव में शिरकत करने की बात तब सामने आई जब पीएम मोदी के बिहार दौरे के दौरान उनके पति शत्रुघ्न सिन्हा ने राज्य के सीएम नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की थी।
लिहाजा उसी दिन उन्हें सबसे बड़ा ‘विकास पुरुष’ करार दिया था। शत्रुघ्न की नीतीश से मुलाकात वेटनरी कॉलेज मैदान में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इसके बाद वह नीतीश के आवास पहुंचे थे।
नीतीश से मुलाकात के बाद सिन्हा ने उनके विकास कार्यो की तारीफ करते हुए कहा था कि ‘सही मायने में नीतीश ही सबसे बड़े विकास पुरुष हैं। वह देश के सबसे बुद्धिमान मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले नीतीश ने सिन्हा से हमदर्दी जताते हुए कहा था कि भाजपा उनका इस्तेमाल सिर्फ चुनाव में ही करती है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने इस विवाद के बाद कहा कि जनता दल (युनाइटेड) में जाने का उनका इरादा नहीं है। सांसद सिन्हा ने कहा, ‘नीतीश अच्छे दोस्त हैं और मैं जब भी पटना आता हूं, उनसे मिलता हूं। लेकिन, जद (यू) में जाने का कोई इरादा नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं भाजपा में था और हूं और आगे भी रहने का इरादा है। हो सकता है भाजपा मुझे निकाल दे। कल किसने देखा है।’ अब देखना ये होगा कि क्या उनकी पत्नी भी अपने पति की तरह राजनीति में सफल रूप से सक्रीय हो पाती हैं या नहीं।