बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे दल आपस में भी टांग-खिंचाई कर रहे हैं। जद (यू) प्रमुख और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गढ़ में 29 जून को लोजपा (रा.) का बहुजन भीम संकल्प समागम होने वाला है, जिसमें पार्टी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी हिस्सा लेंगे। इसे चिराग का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। इससे जद (यू) खेमे में हलचल है।

लोजपा (रा.) प्रमुख चिराग पासवान पहले ही कह चुके हैं कि बिहार की राजनीति में उनकी खास दिलचस्पी है। यही वजह है कि सभी 243 सीटों पर पार्टी की तैयारी चल रही है। बिहार में राजग के अन्य घटक दलों की अपेक्षा लोजपा (रा.) की तैयारियाँ आक्रामक रूप से हो रही हैं। इसके पीछे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी का रणनीतिक कौशल माना जा रहा है। इसका शोर दिल्ली तक है।

एनडीए में सेंधमारी की कोशिश करने का आरोप

कहा जा रहा है कि राजग का घटक होने के बावजूद लोजपा (रा.) के नेता जद (यू) के आधार मतों में सेंधमारी की कोशिश कर रहे हैं। 29 जून को राजगीर में होने वाले लोजपा (रा.) के बहुजन भीम संकल्प समागम को भी इसी रणनीति का नमूना माना जा रहा है। लोजपा (रा.) के चल रहे ऐसे अभियान से जद (यू) के कार्यकर्ता असहज हो रहे हैं, जबकि लोजपा (रा.) इसे सामान्य बता रही है।

इस संदर्भ में लोजपा (रा.) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने जनसत्ता से कहा कि चुनाव की तैयारी का अधिकार सबको है। लोजपा (रा.) भी तैयारी में जुटी है। पार्टी प्रमुख चिराग पासवान सर्वसमाज की बात करते हैं। सबको जोड़ने के लिए अभियान चल रहा है। पार्टी के कार्यक्रम से कौन खुश है और कौन दुखी, इसकी चिंता हमें नहीं है। पार्टी की नीतियों को राज्य भर में पहुँचाना ही उद्देश्य है।

बिहार चुनाव: INDI गठबंधन में सीट बंटवारे पर बनी सहमति, दोनों बड़े दल घटाएंगे अपने उम्मीदवारों की संख्या

उधर, राजगीर में 29 जून को होने वाले लोजपा (रा.) के कार्यक्रम में आठ जिलों के तीस विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को बुलाया जा रहा है। इस क्षेत्र को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गढ़ माना जाता है। चर्चा है कि लोजपा (रा.) के कार्यक्रम से नीतीश के आधार मतों में बिखराव हो सकता है, जबकि पार्टी नेता ऐसा नहीं मानते। चिराग समर्थकों का कहना है कि पार्टी की मजबूती से राजग को ही लाभ मिलेगा।

वहीं दूसरी ओर, जद (यू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बिहार में राजग के घटक दल पूरी तरह एकजुट हैं और विधानसभा चुनाव की तैयारियाँ बेहतर ढंग से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि राजग के घटक दलों में मतभिन्नता की अफवाह विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। इसका सकारात्मक असर चुनाव परिणाम में दिखाई देगा।