भीमा-कोरेगांव हिंसा मामले में हाल में हुई गिरफ्तारियों पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको बोलने और सबकुछ करने की आजादी है, लेकिन किसी को देश तोड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि इस देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाल में ही 5 लोगों की गिरफ्तारी के संबंध में कहा कि जिनकी गिरफ्तारी हुई है, उन्हें पहले भी पकड़ा जा चुका है। उन पर लगे आरोप बेहद गंभीर हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी सरकार को गिराने की साजिश रचना, हिंसा को बढ़ावा देने के लिए अपनी विचारधारा का सहारा लेना और देश को तोड़ने के लिए साजिश रचने से बड़ा अपराध और कुछ नहीं हो सकता है। गृह मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की है।
‘सीएम फड़नवीस से हुई बात’: राजनाथ सिंह ने बताया कि भीमा-कोरेगांव हिंसा मामले में कार्रवाई के बाद उन्होंने खुद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से बात की है। उन्होंने कहा, ‘गिरफ्तारी की कार्रवाई के बाद मैंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात की और पूरी जानकारी हासिल की। सीएम ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की वजह बताई है। अब मामला कोर्ट के विचाराधीन है।’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘प्रेशर कुकर को हम दबाने की कोशिश नहीं करेंगे। लोकतंत्र में सबको बोलने की आजादी है, सबको चलने की आजादी है। सबकुछ करने की आजादी है, लेकिन किसी को भी देश को तोड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। हिंसा को बढ़ावा देने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती है।’ राजनाथ सिंह का यह बयान सुप्रीम कोर्ट की पिछले दिनों आई टिप्पणी की पृष्ठभूमि में आया माना जा रहा है। शीर्ष अदालत ने कहा था, ‘असहमति लोकतंत्र का सेफ्टी वाल्व है और यदि आप इन सेफ्टी वाल्व की इजाजत नहीं देंगे तो यह फट जाएगा।’ राजनाथ सिंह ने दावा किया कि नक्सली 126 जिलों से सिमटकर 10-12 जिलों में रह गए हैं, लेकिन अब नक्सली दूसरा रास्ता अपना रहे हैं। गृह मंत्री ने कहा कि अब नक्सल शहरों में आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि माओवादी अब विचारधारा से लोगों को प्रभावित करने का काम कर रहे हैं। उनका दावा है कि सुरक्षा एजेंसियों को इस बाबत जानकारी मिली है।
‘पाकिस्तान से संबंध सुधारने के लिए पूरा प्रयास किया’: गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के साथ संबंधों के सवाल पर कहा कि भारत ने अच्छे रिश्तों के लिए सब कुछ किया। उन्होंने पाकिस्तान को अपनी हरकतों से बाज आने की भी बात कही। पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते मूल्यों और रुपये के गिरने के सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि बढ़ते पेट्रोल के दाम का विकल्प सरकार निकाल लेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिर्फ भारत की मुद्रा नहीं गिरी है, अन्य देशों की मुद्रा में भी गिरावट आई है।