भाजपा की उत्तराखंड इकाई ने मंगलवार (8 अक्टूबर, 2019) को पार्टी के चार सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बाहर का रास्ता दिखा दिया। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक निष्कासित सदस्यों में दो महिलाएं माया पंत (जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा – देहरादून जिला) और उमा डबराल (देहरादून जिला) शामिल हैं। गोविंद सिंह जिम्बाल और हरीश भण्डारी को भी पार्टी से निकाला गया है, दोनों भाजपा सदस्य थे।
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते 90 सदस्यों को बाहर कर दिया गया था। जिला स्तर पर गठित संगठनात्मक समितियों द्वारा दी गई रिपोर्टों के आधार पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने यह कार्रवाई की। इससे पहले भी कई मौके पर भाजपा इस तरह की कार्रवाई कर चुकी है। इसी साल अगस्त में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री अनिल शर्मा को पार्टी से बर्खास्त कर दिया गया था। स्थानीय नेताओं के एक धड़े की मांग पर यह कार्रवाई की गई।
उनके निष्कासन के बाद भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ ने कहा था, ‘कोई भी हो, अगर वह पार्टी लाइन के बाहर जाता है तो उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। शर्मा पार्टी के खिलाफ गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।’
अगस्त में ही एक अन्य मामले में भाजपा ने चार बार के विधायक रहे कुलदीप सिंह सेंगर को पार्टी से बाहर कर दिया। उनपर उन्नाव में कथित तौर पर एक नाबालिग लड़की संग बलात्कार और उसके परिजनों को धमकाने का आरोप था। सड़क दुर्घटना में पीड़िता और उसके वकील के गंभीर रूप से घायल होने और दो लोगों की मौत के बाद देशभर में उपजे भारी आक्रोश के बाद पार्टी ने सेंगर के खिलाफ यह फैसला लिया।
Bharatiya Janata Party (BJP) Uttarakhand has expelled four members from the party for ‘indulging in anti-party activities.’ pic.twitter.com/1qTE5TcD0k
— ANI (@ANI) October 8, 2019

