Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक चरण को पूरा कर रविवार को तेलंगाना में प्रवेश कर गई है। दिवाली के कारण यहां पर अब यात्रा तीन दिनों तक रोकी जाएगी। जानकारी के मुताबिक, दिवाली के दौरान रविवार दोपहर से 26 अक्टूबर तक तीन दिनों के लिए रोका जाएगा। इसके बाद यह यात्रा गुडेबेलूर से 27 अक्टूबर की सुबह फिर से शुरू होगी। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कई नेता दिवाली पर अपने घर नहीं जा रहे हैं और वे तेलंगाना में भी दिवाली मनाएंगे।

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी इस दिवाली घर नहीं जा रहे हैं। वह भारत जोड़ी यात्रा कैंप को नहीं छोड़ना चाहते हैं, जो उनके लिए घर से दूर एक घर बन गया है। 8 सितंबर को कन्याकुमारी से 150-दिवसीय यात्रा शुरू करने के दौरान के उनके लगभग आधे सह-यात्री अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं। उनके नेता राहुल गांधी भी एक महीने में पहली बार दिल्ली आएंगे।

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कन्हैया कुमार कहते हैं, “एक कहावत है दिवाली में घर सूना नहीं छोड़ते हैं। हम अपने घरों की सफाई करते हैं और दीये जलाते हैं। यह कंटेनर पांच महीने के लिए हमारा घर है। तो यह कैंपसाइट हमारा गांव है और कंटेनर हमारा घर है। इसे वन बीएचके, टू बीएचके या डॉरमेट्री कहें, यह हमारा घर रहा है।” कन्हैया की तरह की कई कांग्रेस नेता इस दिवाली घर नहीं जा रहे हैं और वे भारत जोड़ो यात्रा के दौरान तेलंगाना में हैं।

दिवाली पर घर नहीं जा रहे कन्हैया कुमार

कन्हैया कुमार कहते हैं, “तो हम दिवाली पर अपना घर कैसे छोड़ सकते हैं? बहुत से लोग घर जा रहे हैं। मैंने यहीं रहने का फैसला किया है। किसी को तो घर में रोशनी करनी है।” लगभग आधे भारत जोड़ो यात्री वहीं ठहरे हुए हैं और कैंप में ही दिवाली मनाएंगे। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा तेलंगाना में 19 विधानसभा और सात संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और इस दौरान 375 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इसके बाद भारत जोड़ो यात्रा 7 नवंबर को महाराष्ट्र में दाखिल होगी।