Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार (18 सितंबर, 2022) को 11वें दिन केरल के हरिपाद से फिर से शुरू हुई। जिसमें पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस बीच सोशल मीडिया पर राहुल गाधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक बच्ची को सैंडल पहनाते हुए नजर आ रहे हैं। बच्ची के पैर से यात्रा के दौरान अचानक सैंडल निकल गया था।
बताया जा रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी का बच्ची को सैंडल पहनाते हुए यह वायरल वीडियो अलाप्पुझा जिले के अंबालापुझा शहर का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि राहुल गांधी पार्टी के दूसरे नेताओं के साथ सड़क पर चलते नजर आ रहे हैं। पार्टी का कार्यकर्ता बच्ची का हाथ पकड़कर राहुल गांधी से थोड़ा आगे चल रहा है।
इस दौरान राहुल गांधी उस शख्स को आवाज देते हैं, जो बच्ची का हाथ पकड़कर चल रहा है। राहुल गांधी उस व्यक्ति को बच्ची का सैंडल खुले होने की जानकारी देते हैं। इस दौरान राहुल गांधी खुद ही बच्ची का सैंडल उसको सही से पहनाने लगते हैं। इस दौरान राहुल गांधी के साथ चल रहे पार्टी के तमाम नेता कुछ पल के लिए रुक जाते हैं और फिर से पुन: आगे बढ़ते हैं।
गौरतलब है कि राहुल गांधी अपनी इस यात्रा के दौरान सड़क पर इंतजार कर रहे लोगों से कई बार सुरक्षा घेरा तोड़ कर मिलते नजर आए हैं। वहीं कांग्रेस ने कहा कि ओट्टप्पना पहुंचने के बाद यात्रा का सुबह का सत्र समाप्त हो जाएगा और सदस्य पास के करुवट्टा में विश्राम के लिए रुकेंगे।
कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी की यात्रा शाम पांच बजे पुरक्कड़ से फिर से शुरू होगी, जो करुवत्ता से 6.5 किलोमीटर दूर है। राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल लोग वाहन से उतनी दूरी तय करेंगे। शाम का चरण टी डी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, वंदनम के पास सात बजे के करीब खत्म होगा। वहीं शाम में भारत जोड़ों यात्रा करीब साढ़े सात किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
राहुल गांधी द्वारा बच्ची को सैंडल पहनाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कमेंट किए हैं। अखिलेश शुक्ला नाम के यूजर ने लिखा, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस के लिए मील का पत्थर साबित होगी। सलमान नाम के एक यूजर ने लिखते हैं कि सादा जीवन, उच्च विचार।
बता दें, कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जो कश्मीर में समाप्त होगी। कांग्रेस की यह यात्रा 150 दिन में 3570 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।