कांग्रेस की “भारत जोड़ो यात्रा” का सोमवार (3 अक्टूबर, 2022) को 26वां दिन है। यात्रा इस वक्त कर्नाटक के मैसूर में है। यात्रा के 26वें दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मठ, मस्जिद और चर्च का दौरा किया। कर्नाटक में कांग्रेस की यह यात्रा 21 दिनों तक चलेगी और आज राज्य में चौथे दिन की यात्रा जारी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने मैसूर से यात्रा की शुरुआत की।

मैसूर में अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी सुत्तुर मठ गए और यहां वह संत श्री शिवरात्री देशिकेंद्र स्वामीजी से मिले। वायनाड सांसद कर्नाटक की मस्जिद-ए-आजम भी गए और राज्य के दक्षिण जिले की सेंट फिलामेना की चर्चा का भी दौरा किया। मस्जिद और चर्च में राहुल गांधी से ने काफी लोगों से मुलाकात की। इस दौरान वहां काफी भीड़ थी। इस मौके पर राहुल गांधी के साथ कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी नजर आए।

देखें तस्वीरें-

कांग्रेस ने बताया कि राहुल गांधी ने खादी ग्रामोद्योग की महिला बुनकरों के साथ भी बातचीत की। इस दौरान श्रमिकों ने बेहतर आपूर्ति श्रृंखला, बुनियादी ढांचे और मशीनरी के साथ वेतन वृद्धि से संबंधित चिंताओं को उनके सामने रखा। इससे पहले रविवार को राहुल गांधी ने ननजानगुड में श्रीकांतेश्वर मंदिर के दर्शन किए थे। बता दें कि कांग्रेस की इस यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। राहुल गांधी ने यहां रविवार को भारी बारिश में एक जनसभा को भी संबोधित किया था, जिसमें लोगों में काफी उत्साह नजर आ रहा था। अपने इस भाषण में राहुल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान देश को एकसाथ जोड़ने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता है।

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को शुरू हुए एक महीना पूरा होने जा रहा है। इसके चलते कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी इस हफ्ते यात्रा में शामिल होने का फैसला किया है। वह सोमवार शाम तक मैसूर पहुंच जाएंगी और 6 अक्टूबर को यात्रा में शामिल होंगी। तब तक वह कुर्ग के माडकेरी में एक प्राइवेट रिजॉर्ट में रहेंगी।

आज की यात्रा समाप्त करने के बाद राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात करने के लिए कुर्ग जाएंगे। काफी लंबे समय के बाद सोनिया गांधी किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही हैं। पिछले दिनों में स्वास्थ्य ठीक ना होने के चलते वह जनसभाओं से दूर थीं।