Bharat Jodo Yatra in Rajasthan: राजस्थान में सवाई माधोपुर में बुधवार को शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के पूर्व गवर्नर और अर्थशास्त्री रघुराम राजन (Raghuram Rajan) ने राहुल गांधी के साथ कदमताल की। रघुराम राजन मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की कई बार आलोचना कर चुके हैं। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा 4 दिसंबर से जारी है। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ राजस्थान कांग्रेस के कई सीनियर नेता भी इस दौरान यात्रा में शामिल हैं। भाजपा के अमित मालवीय (@amitmalviya) ने ट्वीट करके कहा, “कांग्रेस द्वारा नियुक्त पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन का राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है। वह खुद को अगला मनमोहन सिंह मानते हैं। भारत की अर्थव्यवस्था पर उनकी टिप्पणी को तिरस्कार के साथ खारिज कर दिया जाना चाहिए। यह रंगीन और अवसरवादी है।”
UPA सरकार में बनाए गए थे RBI के गवर्नर
भारत जोड़ो यात्रा में में शामिल होने से पहले अर्थशास्त्री एन रघुराम राजन ( N Raghuram Rajan) की राहुल गांधी के साथ काफी लंबी बातचीत हुई थी। इसके बाद वह पदयात्रा में शामिल हुए। डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार (UPA Government) में ही रघुराम राजन को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था। मोदी सरकार में उन्होंने पद छोड़ दिया था। इसके बाद राजन आर्थिक मुद्दों पर बेबाक राय रखते हुए कई बार केंद्र सरकार की आलोचना कर चुके हैं।
IMF के चीफ इकोनॉमिस्ट भी रहे हैं रघुराम राजन
रघुराम राजन (Raghuram Rajan) फिलहाल शिकागो यूनिवर्सिटी के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस में फाइनांस के विशिष्ट सेवा प्रोफेसर हैं। वह पहले भी यहां पढ़ा चुके हैं। साल 2003 और 2006 के बीच वह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में मुख्य अर्थशास्त्री और शोध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 4 सितंबर, 2013 को भारतीय रिजर्व बैंक के 23वें गवर्नर के रूप में पद संभाला था। इससे पहले भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार भी रहे थे। उन्होंने कई किताबें भी लिखी हैं।
Bharat Jodo Yatra में राहुल गांधी और रघुराम राजन, देखें वीडियो
Congress ने कहा, हम साथ मिलकर ही सफल होंगे
भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ शामिल होने की एक तस्वीर शेयर करते हुए कांग्रेस और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, “श्री रघुराम राजन, आरबीआई के पूर्व गवर्नर, @RahulGandhi जी के साथ … नफरत के खिलाफ देश को एकजुट करने के लिए लोगों की बढ़ती संख्या दिखाती है कि हम सफल होंगे।” वहीं भारत जोड़ो यात्रा की ओर से रघुराम राजन के स्वागत का ट्वीट किया गया।
Bharat Jodo Yatra के होने वाले हैं एक सौ दिन
देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) शुरू होने के अपने 100वें दिन के करीब पहुंच रही है। एआईसीसी के प्रभारी महासचिव संचार जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने मंगलवार को कहा कि पार्टी ने 16 दिसंबर को जयपुर में बॉलीवुड गायिका सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) की लाइव प्रस्तुति के साथ एक संगीत कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है।
17 दिसंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के लिए विश्राम का दिन होगा। इसके बाद राजस्थान में यात्रा के आखिरी दिन 19 तारीख को अलवर जिले में एक विशाल रैली होगी। कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी पदयात्रा राजस्थान के बाद हरियाणा में प्रवेश करेगी।