Bharat Jodo Yatra : राजस्थान के कोटा में गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। यह घटना राजस्थान में यात्रा के चौथे दिन कोटा कॉमर्स कॉलेज के करीब राजीव गांधी की प्रतिमा के पास हुई। जानकारी के मुताबिक युवक का नाम कुलदीप शर्मा बताया जा रहा है।
युवक ने लगाए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी
कुलदीप नाम के इस युवक ने कथित तौर पर खुद को मारने की कोशिश की लेकिन उसे बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार कुलदीप शर्मा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह एंबुलेंस में बैठे देखा जा सकता है। और वह इस दौरान कांग्रेस और यात्रा के खिलाफ होने की बात कर रहा है। कोटा में सुबह एक बार भगदड़ की स्थिति बन गई जब अचानक बड़ी संख्या में लोग सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए राहुल गांधी के करीब पहुंच गए। राहुल के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट जैसे बड़े नेता भी मौजूद थे। कोटा में यात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ को देखकर सियासी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। इसे शांति धारीवाल के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया।
सोनिया गांधी हो सकती हैं यात्रा में शामिल
भारत जोड़ो यात्रा 9 दिसंबर को जारी नहीं रहेगी। यात्रा के कार्यक्रम में कई बदलाव हुए हैं। 10 दिसंबर को राहुल गांधी के साथ केवल महिला पैदल यात्री ही चलेंगी। ठीक इस ही तरह दूसरे राज्यों में भी महिला यात्रियों के लिए अलग दिन निर्धारित किया गया था। इस दिन सोनिया गांधी के भी यात्रा में शामिल होने की संभावना है। इस दौरान सोनिया गांधी के जन्मदिन मनाए जाने का भी प्रोग्राम इस दौरान किए जाने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी सवाई माधाेपुर पहुंच चुकी हैं।
भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान में चौथे दिन की शुरुआत सुबह 6.15 बजे हुई। राहुल की यात्रा आज आधे दिन ही चलेगी। बिना किसी ब्रेक के यात्रा सुबह करीब 11.30 बजे खत्म होगी। कोटा में यात्रा को लेकर पार्टी नेताओं के बीच खींचतान भी देखने को मिली थी।